संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में वेस्ट दिल्ली लायंस ने नई दिल्ली टाइगर्स को छह विकेट से हरा दिया। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए हाई स्कोरिंग मुकाबले में नई दिल्ली ने 195 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे वेस्ट दिल्ली ने आसानी से हासिल कर लिया।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी नई दिल्ली टाइगर्स की शुरुआत खराब रही और टीम 63 रन पर चार विकेट गंवा बैठी। इसके बाद हिम्मत सिंह (35) और केशव दलाल (36) ने पांचवें विकेट के लिए 48 रन जोड़कर पारी को संभाला। पार्थ बाली ने 13 गेंदों पर नाबाद 35 रन और मनीष सहरावत ने सिर्फ आठ गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर टीम का स्कोर छह विकेट पर 195 रन तक पहुंचाया।
राणा और डोसिजा ने पलटा मैच
लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट दिल्ली को कृष्ण यादव और आर्यवीर सहवाग ने 41 रन की शुरुआत दी। सहवाग 22 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद नितीश राणा ने 23 गेंदों पर 50 रन की तेज पारी खेलकर मैच का रुख वेस्ट दिल्ली की ओर मोड़ दिया। कप्तान आयुष डोसिजा ने 33 गेंदों पर नाबाद 64 रन की मैच विजयी पारी खेली और टीम को छह विकेट से जीत दिला दी। नई दिल्ली की ओर से मनीष सहरावत ने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट लिए।