-मयंक गुसाईं की शानदार ऑलराउंड चमक
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के नौवें मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज को पांच विकेट से हराकर जीत दर्ज की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण दिल्ली सुपरस्टार्ज की टीम 19.5 ओवर में 160 रन पर सिमट गई। दक्षिण दिल्ली की ओर से सनत सांगवान ने 26, प्रांशु विजयरण ने 26, विजन पांचाल ने 24 और करण गर्ग ने 21 रन बनाए। वेस्ट दिल्ली लायंस की गेंदबाजी में मयंक गुसाईं ने चार ओवर में 13 रन देकर तीन विकेट झटके। कुलवंत खेजरोलिया, मनन भारद्वाज और शुभम दुबे ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि नीतीश राणा को एक सफलता मिली।
161 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट दिल्ली लायंस ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान आयुष दोसेजा ने जिम्मेदारी भरी पारी खेली, जबकि मयंक गुसाईं ने नाबाद 19 रन बनाकर जीत पर मुहर लगा दी। गेंद और बल्ले दोनों से शानदार योगदान देने वाले मयंक गुसाईं को मैच का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस जीत के साथ वेस्ट दिल्ली लायंस ने टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज करते हुए स्कोर बोर्ड में दो अंक हासिल किए।