मेट्रो स्टेशन के आसपास कार में बैठे प्रेमी जोड़ों को ठगने वाले एक फर्जी इंस्पेक्टर और हेड-कांस्टेबल को पुलिस ने वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास से शुक्रवार रात धर दबोचा।
दोनों के पास से दिल्ली के यमुना बैंक स्टेशन से ठगी गई एक कार और नकली वर्दी भी बरामद की गई है। दोनों को जेल भेज दिया है।
एसएसआई विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि एसआई शावेज खान को शिकायत मिली थी कि वैशाली मेट्रो स्टेशन के पास कुछ पुलिसकर्मी गाड़ी में बैठे लोगों को धमकाते हैं और जबरन पैसे वसूली करते हैं।
किसी गाड़ी में युवक-युवती बैठे मिल जाएं तो उन पर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाते हुए थाने चलने को कहते हैं। पुलिस ने जाल बिछाया तो शुक्रवार शाम को दरोगा की वर्दी में एक युवक कार के पास दिखाई दिया।
पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके साथ ही एक और शख्स पकड़ा गया, जिसने खुद को हेड कांस्टेबल बताया। पकड़ा गया फर्जी दरोगा मंगल शांति नगर लोनी और फर्जी हेड कांस्टेबल कपिल करावल नगर दिल्ली का रहने वाला है। फर्जी वर्दी, चोरी की कार, दो हजार रुपये और अन्य सामान बरामद किया है।