भारी बारिश के चलते पहाड़ों पर भारी तबाही हुई है। उत्तराखंड और हिमाचल में भूस्खलन व बारिश के चलते करीब 290 सड़कें बंद हैं। वहीं, जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में बादल फटने सैलाब के रूप में भारी मलबा नीचे आया और कई घरों में भर गया। बारिश और तेज आंधी से कई पेड़ भी गिर गए।
Deep Depression over north interior Odisha and adjoining areas of south Jharkhand & Chhattisgarh
— India Meteorological Department (@Indiametdept) July 28, 2026
The Deep Depression over north interior Odisha and adjoining areas of Jharkhand moved westwards with a speed of 18 kmph during past 6 hours, and lay centred at 2330 hrs IST of… pic.twitter.com/F4hYRRc1UW
असम में 12 लाख लोग प्रभावित
बाढ़ की विभीषिका झेल रहे असम के 25 जिलों में 11.44 लाख लोग प्रभावित हैं। 71 हजार लोग राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं।
तीन-चार दिन भारी बारिश की उम्मीद
मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काईमेट के अनुसार, मानसून चरम पर है। जुलाई अंत तक कई क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रह सकती है।
दिल्ली में बारिश
अब मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। इसकी वजह से आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इस समय मानसून ट्रफ दिल्ली के दक्षिणी हिस्से से गुजर रही है। साथ ही, बंगाल की खाड़ी से बना गहरा कम दबाव (डिप्रेशन) भी पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट पर पहुंच चुका है। इसके अलावा, राजस्थान में एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। साथ ही, दूसरा चक्रवाती परिसंचरण मध्य उत्तर प्रदेश में है, जो दिल्ली-एनसीआर के काफी करीब है। इन तीनों सिस्टम के एक साथ सक्रिय होने से बारिश के लिए अनुकूल माहौल बन गया है।
मानसून ट्रफ क्या होती है?
मानसून ट्रफ एक कम दबाव (लो प्रेशर) की लंबी पट्टी होती है। इसे आप बारिश लाने वाली एक काल्पनिक लाइन भी मान सकते हैं। यह लाइन पाकिस्तान से शुरू होकर उत्तर भारत के रास्ते बंगाल की खाड़ी तक जाती है। जहां यह ट्रफ होती है, वहां बादल ज्यादा बनते हैं और बारिश होने की संभावना बढ़ जाती है।
चक्रवाती परिसंचरण क्या होता है?
यह हवा का ऐसा क्षेत्र होता है, जहां हवाएं गोल-गोल घूमते हुए ऊपर उठती हैं। इससे नमी वाली हवा ऊपर जाती है, ठंडी होती है और बादल बनते हैं। फिर यही बादल बारिश कराते हैं।
मानसून में ब्रेक क्या होता है?
जब मानसून ट्रफ हिमालय की तरफ खिसक जाती है, तो उत्तर भारत के मैदानी इलाकों (जैसे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश) में बारिश कम या बंद हो जाती है। इसे ही मानसून ब्रेक कहा जाता है।
अभी दिल्ली में क्या असर होगा?
क्योंकि मानसून ट्रफ फिर से दक्षिण की ओर आ गई है और उसके साथ डिप्रेशन तथा चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय हैं, इसलिए दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है।