फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम: शिमला में नवंबर की गर्मी का टूटा रिकॉर्ड, उत्तराखंड में ठंड का इंतजार; दिल्ली में पारा गिरने के आसार

Wed, 25 Nov 2026 06:22 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, शिमला/श्रीनगर/देहरादून/नई दिल्ली

सार

बारिश की बेरुखी के कारण उत्तराखंड में भी ठंड का इंतजार लंबा हो चला है। हिमाचल प्रदेश के मैदानी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में भी मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिला।
विज्ञापन
शिमला में दिन अभी गर्म हैं। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जलवायु परिवर्तन का प्रभाव अब साफ नजर आने लगा है। गर्मी में भी सर्दी का अहसास कराने वाली पहाड़ों की रानी शिमला में नवंबर में अधिकतम तापमान का 31 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। दूसरी तरफ, बारिश की बेरुखी के कारण उत्तराखंड में भी ठंड का इंतजार लंबा हो चला है। हिमाचल प्रदेश के मैदानी व मध्यवर्ती क्षेत्रों में भी मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिला।

विज्ञापन


बिलासपुर, मंडी और सुंदरनगर के आसपास मंगलवार सुबह और शाम को घना कोहरा छाया रहा। अगले दो दिन के लिए भी इस क्षेत्र में कोहरे का यलो अलर्ट है। वहीं, राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अन्य जिलों में दिनभर धूप खिली रही। शिमला में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले 15 नवंबर, 1995 को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस था।

उधर, लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात का तापमान लगातार गिरने से हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 5.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि कुकुमसेरी में पारा माइनस 4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इन क्षेत्रों में सीजन का सबसे कम तापमान है।
विज्ञापन


पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में गिरेगा पारा
उत्तर भारत में सक्रिय दो पश्चिमी विक्षोभ के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट का अनुमान है। प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रात का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मंगलवार सुबह हल्का कुहासा पड़ा और दृश्यता करीब 1,200 मीटर रही। बुधवार को भी कुहासा पड़ सकता है।

यूपी के पांच जिलों में रात का पारा 10 डिग्री के करीब
उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलने से मंगलवार को सर्दी में और बढ़ोतरी हुई। हरदोई में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री, कानपुर में 10.6 डिग्री, इटावा में 10 डिग्री, नजीबाबाद में 10.2 डिग्री व मुजफ्फरनगर 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवा के असर से ज्यादातर जिलों में धूप नरम रही है और मौसम साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के तराई समेत कुछ इलाकों में सुबह हल्का या मध्यम कोहरा छा सकता है। 

उत्तराखंड में तापमान 26 तक पहुंचा
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में रात के तापमान में भी अपेक्षित गिरावट नहीं होने से  ठंड का असर कम महसूस हो रहा है। अधिकतम तापमान 26   और न्यूनतम 11 दर्ज किया गया। बुधवार को मौसम साफ रहेगा।

कश्मीर में सोमवार सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज
कश्मीर घाटी में सोमवार को पहलगाम सहित कई इलाकों में सीजन की सबसे सर्द रात रही। पहलगाम घाटी में सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान लुढ़ककर माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। श्रीनगर में भी पारा माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण और मध्य कश्मीर के लगभग सभी मैदानी व पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है। 

  • पुलवामा में न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री, अनंतनाग में माइनस 2.6 डिग्री, पांपोर के कोनीबल में माइनस 2.5 डिग्री, बडगाम में माइनस 2.3 डिग्री और काजीगुंड में माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा कोकरनाग में भी पारा गिरकर माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 

उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान माइनस 1.0 डिग्री, बांदीपोरा में माइनस 1.1 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार 30 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बने रहने की संभावना है और दिसंबर से पहले मैदानी इलाकों में बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। उधर, केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख के लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 7.8 डिग्री दर्ज किया गया।

हरियाणा के कुछ इलाकों में छाएगी धुंध
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 7.7 दर्ज किया गया। 28 नवंबर तक प्रदेश में मौसम खुश्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 26 और 27 नवंबर को कुछ इलाकों में धुंध छाने का येलो अलर्ट जारी किया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें