भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बीते 24 घंटों में दिल्ली में न्यूनतम में एक-दो और अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। इसके अलावा, बीते 24 घंटे में सफदरजंग मानक केंद्र में एक एमएम बारिश हुई। ऐसे में अधिकतम 35.7 और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा, अधिकतम 94 और न्यूनतम आर्द्रता 69 फीसदी दर्ज की गई।
चार अगस्त को होगी झमाझम बारिश, यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने सोमवार को दिल्ली के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और कई जगहों पर सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के एक से दो दौर देखे जाने की संभावना जताई है। इस दिन शाम से रात के बीच भी अलग-अलग जगहों पर गरज चमक के साथ बहुत हल्की बारिश देखी जा सकती है। साथ ही, चार अगस्त को दिल्ली में गरज चमक के साथ ही जोरदार बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
इस दिन बादल छाए रहने और सुबह से दोपहर के बीच अधिकांश जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के एक से दो दौर देखे जाने की संभावना जताई है। इस दिन शाम या रात को भी कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का दौर देखे जाने की संभावना जताई है।
पांच से लेकर सात अगस्त के दौरान बारिश
मौसम विभाग ने पांच से लेकर सात अगस्त के दौरान दिल्ली के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इन तीन दिनों के दौरान शाम या रात के समय भी कई जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पांच और आठ अगस्त को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 32 से 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने की संभावना जताई है।