मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शाम 5:30 बजे तक सफदरजंग मानक वेधशाला में 8.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रिज में 22.4, राजघाट में 22.2, लोधी रोड में 14.2, पूसा में 13.5, नजफगढ़ में 11, आया नगर में 1.3 और पालम में 0.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस की कमी के साथ 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी का न्यूनतम स्तर 83 फीसदी रहा। वहीं, मौसम विभाग ने कल के लिए भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
अगले 4-5 दिनों तक मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिनों तक बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। 23 जुलाई को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे और हल्की बरसात होगी। अधिकतम तापमान 33 तो न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। 24 से 27 जुलाई तक भी कमोबेश ऐसा ही मौसम रहेगा। इस बीच अधिकतम तापमान 36 तो वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
जाम ने की रफ्तार कम, लोग हुए परेशान
दिल्ली में दो दिन बाद बरसे बादलों से एक तरफ दिल्लीवालों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली तो वहीं कई जगह पानी जमा होने के कारण जाम का झाम भी झेलना पड़ा। लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर गुस्सा निकाला। बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव हो गया और डामर की कई सड़कों पर गड्ढे हो गए जिससे यातायात धीमा पड़ गया। आईटीओ से ओल्ड रोहतक रोड, दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-8), महरौली-बदरपुर रोड, महरौली-गुरुग्राम रोड, पीरागढ़ी से आईएसबीटी, मधुबन चौक, दिल्ली-गाजियाबाद मार्ग और नेशनल हाईवे-9 पर कई घंटों तक भारी जाम लगा रहा। सोशल मीडिया पर एक शख्स ने बताया कि दिल्ली-गाजियाबाद सड़क पर सिर्फ एक किलोमीटर का रास्ता पार करने में उन्हें 30 मिनट से ज्यादा का समय लग गया। वहीं, एक अन्य शख्स ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को समय पर अलर्ट जारी न करने या स्थिति को संभालने के लिए कर्मियों को तैनात न करने का आरोप लगाया।