देशबंधु पार्क के सामने रेलवे की ओर से बनाए जा रहे फ्लाईओवर के पिलर के लिए खोदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन टूट गई। पाइप फटते ही तेज धार के साथ पानी बाजार की ओर दौड़ा और महज पांच मिनट में दुकानों के अंदर एक से दो फीट तक पानी भर गया।
अजमेरी गेट के कमला मार्केट में शुक्रवार दोपहर फ्लाईओवर निर्माण के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आई। देशबंधु पार्क के सामने रेलवे की ओर से बनाए जा रहे फ्लाईओवर के पिलर के लिए खोदाई के दौरान पानी की पाइपलाइन टूट गई। पाइप फटते ही तेज धार के साथ पानी बाजार की ओर दौड़ा और महज पांच मिनट में दुकानों के अंदर एक से दो फीट तक पानी भर गया। अचानक आई ‘बाढ़’ में दुकानदार अपना माल तक नहीं बचा सके। कमला मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के मुताबिक करीब 100 दुकानों में पानी घुसा और प्रति दुकान एक से दो लाख रुपये तक का नुकसान हुआ।
विज्ञापन
दुकानदार रोहित सिंह ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे पाइपलाइन टूटने की सूचना मिली। कुछ ही मिनट में पानी इतनी तेजी से दुकान की ओर आया कि सामान हटाने का समय नहीं मिला। नीचे रखा लाखों रुपये का माल पानी में भीगकर खराब हो गया। उनके मुताबिक नुकसान दो लाख रुपये से अधिक है।
कूलर कारोबारी पंकज जिंदल ने कहा कि पाइपलाइन टूटने की जानकारी मिलने के पांच मिनट के भीतर ही दुकान में पानी भर गया। उनका सवाल है कि इतने बड़े निर्माण कार्य में पाइपलाइन की सुरक्षा और निगरानी का इंतजाम क्यों नहीं किया गया।
विज्ञापन
पाइप टूटी, अधिकारी जिम्मेदारी बांटते रहे
बाजार में पानी भरने के बाद दुकानदारों ने जल बोर्ड और प्रशासन को सूचना दी, लेकिन एसोसिएशन का आरोप है कि मौके पर कोई अधिकारी उनसे बात करने नहीं पहुंचा। पानी निकलने के बाद कीचड़ और गंदगी की सफाई भी दुकानदारों को अपने स्तर पर करानी पड़ी। एसोसिएशन ने कहा कि समय पर सप्लाई रुकती तो नुकसान नहीं होता।
आसपास के कई इलाकों में नहीं आ रहा पानी
सिविल लाइंस मेट्रो स्टेशन के पास चंद्रावल जल शोधन संयंत्र से अजमेरी गेट के इलाकों में पानी आता है। पाइपलाइन टूटने से मध्य दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी पानी नहीं आ रहा है। चांदनी चौक, फतहपुर सीकरी व अन्य इलाके प्रभावित हैं।