शहर के रिहायशी क्षेत्र में पानी की मुख्य लाइन लीक होने से करीब 20 हजार परिवारों के ऊपर पेयजल संकट मंडरा रहा है। 2 दिन से लीक पानी की लाइन की मरम्मत करने में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण को समय लग रहा है।
एक ओर जहां नगर निगम पेयजल बर्बादी करने पर शहरवासियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है, वहीं अधिकारियों की लापरवाही से शहर में लाखों लीटर पानी रोजाना व्यर्थ सीवर में बह रहा है।
हुड्डा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से सिग्नेचर टावर की तरफ साउथ सिटी-1 के गेट के पास पानी की मुख्य लाइन लीक है। यहां से साउथ सिटी सहित अन्य कई कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
स्थानीय निवासियों के मुताबिक, 2 दिन पहले जीएमडीए के अधिकारियों को लाइन लीक होने की सूचना दे दी गई है, लेकिन अधिकारी इसकी मरम्मत करवाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं, जिस कारण क्षेत्र में पर्याप्त पेयजल नहीं पहुंच रहा है। वहीं, सेक्टर-56 में भी पानी की मुख्य लाइन लीक हो गई है, जिस कारण पानी व्यर्थ सड़क पर बह रहा है।
गौरतलब है कि शहर में पुरानी डाली गई लाइनों में इस तरह की दिक्कत आ रही है। लाइनों के जोड़ को सिक्का वेल्डिंग से कनेक्ट किया गया है। पानी का प्रेशर अधिक होने के कारण वह लीक हो जाता है। लाइन लीक होने से 20 हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं।
साउथ सिटी व सेक्टर-56 के पास लीक हुई लाइन से साउथ सिटी, सेक्टर-40, सेक्टर-44, सेक्टर-56, सेक्टर-57 सहित अन्य कॉलोनियों में पेयजल आपूर्ति की जाती है। लाइन लीक होने यहां पानी तो पहुंच रहा है, लेकिन उस मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा जिस मात्रा की क्षेत्र के लिए आवश्यकता है।
पानी की लाइन लीक होने की जानकारी मिल गई है। इसकी मरम्मत करवाने के लिए कांट्रेक्टर को कहा गया है। जल्द ही लाइन की मरम्मत हो जाएगी। -संदीप दहिया, कार्यकारी अभियंता-जीएमडीए