विवेक विहार अग्निकांड: इमारत के पिछले हिस्से से शुरू हुई थी आग, इसके बाद आग ऊपर की ओर बढ़ी
-छानबीन में पुलिस को इमारत में कई खामियां मिलीं, पुलिस सूत्रों का कहना, इमारत के पिछले हिस्से में एसी ब्लास्ट होने की आशंका
-इसकी पड़ताल कर रही क्राइम व एफएसएल की टीम
-मंगलवार को इलेक्ट्रिसिटी इंस्पेक्टर (विद्युत निरीक्षक) व दिल्ली नगर निगम की टीम ने घटनास्थल का किया मुआएना
-इमारत में क्या-क्या अवैध था, इसकी पड़ताल के लिए पहुंची थी एमसीडी की टीम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विवेक विहार के पॉश बी-ब्लॉक में रविवार तड़के चार मंजिला इमारत में लगी आग में नौ लोगों की जान चली गई थी। पुलिस के अलावा तमाम एजेंसियां आग की वजहों का पता लगाने में जुटी हैं। मंगलवार को इलेक्ट्रिसिटी इंस्पेक्टर (विद्युत निरीक्षक) व दिल्ली नगर निगम की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। इलेक्ट्रिसिटी इंस्पेक्टर ने इमारत की बेहद बारीकी से पड़ताल की। सूत्रों ने कहा कि इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा कि बिल्डिंग में हादसे के समय कितना इलेक्ट्रिसिटी लोड चल रहा था। इसके अलावा बिल्डिंग में लगे बिजली के मीटर पर कितना लोड मंजूर था। माना जा रहा कि तय लोड से यदि ज्यादा लोड चल रहा था तो आग की संभावना बनी हुई थी।
वहीं मामले की जांच कर रही टीम के एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक की जांच में यह पता चला कि आग इमारत के पिछले हिस्से में दूसरी मंजिल की बालकनी से शुरू हुई। आशंका है कि यहीं पर एसी ब्लास्ट हुआ और आग ऊपरी मंजिलों की ओर बढ़ी। बाद में हादसे में कई लोगों की जान चली गई। दूसरी ओर नगर निगम की टीम ने इमारत में हुए अवैध निर्माण की जानकारी जुटाने के लिए पहुंची थीं। टीम ने पूरी इमारत का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि बिल्डर ने स्टिल्ट पार्किंग के अलावा अवैध रूप से इमारत में बेसमेंट का भी निर्माण किया था। इसके अलावा अवैध रूप से पीछे की बालकनी को लोहे का जाल लगाकर कवर किया गया था।
आज आएगी दिल्ली की फायर सर्विस टीम : पुलिस सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को जांच में शामिल होने के लिए दिल्ली फायर सर्विस की टीम को भी बुलाया गया था। किसी कारण टीम मौके पर नहीं पहुंची। सूत्रों का कहना है कि बुधवार को दमकल की टीम अपनी जांच के लिए आएगी। मंगलवार को क्राइम टीम के अधिकारी एक बार फिर जांच के लिए मौके पर पहुंचे। शाहदरा जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आग के सही कारणों का पता करने में अभी कुछ और दिन का समय लगेगा। एफएसएल के अलावा दूसरे विभाग अपनी-अपनी रिपोर्ट बनाकर पुलिस को सौपेंगे। इसके बाद ही आग की वजहों तक पहुंचा जा सकेगा। जांच के बाद ही इमारत को दोबारा से रहने के लिए खोला जाएगा।
हादसे में चली गई थी नौ लोगों की जान : विवेक विहार के पॉश एरिया बी-ब्लॉक में रविवार तड़के एक चार मंजिला मकान में आग लग गई थी। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों समेत कुल 9 लोगों की जान चली गई। करीब छह लोग जख्मी हो गए। पुलिस व दमकल की टीम ने 15 लोगों को ऊपरी मंजिलों से सुरक्षित निकाला। आग लगने के पीछे एसी ब्लास्ट को बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
जांच दल को इमारत में यह मिली खामियां
पूरी इमारत में आने-जाने के लिए एक ही जीने (सीढ़ियों) का इस्तेमाल।
सीढ़ियों को चौड़ाई कम, उसमें ममटी के पास कोई वेंटिलेशन भी नहीं।
इमारत में स्टिल्ट पार्किंग के साथ बेसमेंट और ऊपर चार मंजिलों का अवैध निर्माण।
सीढ़ियों को पार्किंग के बीचों-बीच बनाया गया, पार्किंग में आग लगने ऊपर के लोग फंस जाएंगे।
पूरी इमारत में आग से बचाव के कोई इंतजाम नहीं, न कोई सिलिंडर न कोई पानी का टैंक।
पूरी इमारत में वुडेन वर्क और पीवीसी मेटेरियल का हुआ था भरपूर इस्तेमाल।
इमारत की पिछले साइड की बालकनी को पहली मंजिल से ऊपरी मंजिल तक लोहे का जाल लगाकर किया पैक
ममटी पर लगा मिला ताला, ममटी के दरवाजे पर कभी ताला नहीं लगाया जाता।
इमारत में ज्यादातर दरवाजों पर लगे थे सेंट्रल लॉक, बिजली जाते ही हो गए बंद।
इमारत में बिजली का जरूरत से ज्यादा लोड, 30 से ज्यादा लगे थे एसी।
(दमकल विभाग के सूत्रों के मुताबिक इमारत में यह मिलीं खामियां)