सोहना थाना पुलिस ने 9 दिन पहले नगर चौकी में पुलिस हिरासत से भागने वाले सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी तांत्रिक को अदालत में पेश किया गया।
अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी तांत्रिक 25 अप्रैल को नगर चौकी से पुलिस को पेशाब के बहाने से चकमा देकर दीवार फांदकर फरार हो गया था।
मामले की जांच कर रहे नगर चौकी प्रभारी कुंदनलाल ने बताया कि आरोपी नगर के बालूदा मार्ग पर किसी का इंतजार कर रहा था, जिसे सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को अदालत ने हनीफ को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को नगर चौकी पुलिस दुष्कर्म के आरोपी तांत्रिक को अदालत में पेश करने के बाद मिले दो दिन के रिमांड पर वापस चौकी में लेकर आई थी। लेकिन सुरक्षा में बरती गई लापरवाही का फायदा उठाते हुए तांत्रिक दीवार फांदकर फरार हो गया था। इस मामले में सिपाही पर भी गाज गिरी थी।