- आरोपी को चंडीगढ़ से दबोचा, 30 जुलाई 2025 को बाबा हरिदास नगर, दिल्ली में कर दी थी विकास डागर उर्फ भिंडा की गोली मारकर हत्या
- आरोपी ने नेशनल लेवल के गोल्ड मेडलिस्ट खिलाड़ी की गोलियां बरसाकर कर दी थी हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नेशनल लेवल के गोल्ड मेडलिस्ट बॉक्सर की गोली मारकर हत्या करने में फरार बदमाश को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान खरखौदा, सोनीपत, हरियाणा निवासी विकास दहिया उर्फ सोनू उर्फ ठेकेदार (42) के रूप में हुई है।
30 जुलाई 2025 को आरोपी विकास ने अपने दो साथियों सुमित राणा उर्फ छोटू और कृष्ण दहिया उर्फ महाराज के साथ मिलकर विकास डागर उर्फ भिंडा नामक खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उसके बाद से तीनों आरोपी फरार थे। अदालत ने 18 अक्तूबर 2025 को विकास दहिया को भगोड़ा करार दिया था।
अपराध शाखा को सूचना मिली कि आरोपी चंडीगढ़ में छिपा है और वहां पर गुजरात और बिहार में तस्करी कर शराब बेच रहा है। उसके बाद टीम ने आरोपी को दबोच लिया। विकास दहिया को वर्ष 2010 में सोनीपत में एक अन्य हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा हो चुकी है। हाईकोर्ट से जमानत पर बाहर आकर उसने खिलाड़ी की हत्या कर दी।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंंकज कुमार ने बताया कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी विकास दहिया ने रंजिश में विकास डागर की हत्या की योजना बनाई। पिछले साल जुलाई में सुरखपुर निवासी विकास डागर की हत्या कर दी। वारदात के दौरान विकास दहिया ने गोली चलाई जबकि इसके साथियों ने इसका साथ दिया।
आरोपी विकास ने बताया कि उसका साथी सुमित सुमित राणा उर्फ छोटू जीरकपुर में छिपा हुआ है, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही वह भाग गया। जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि वह गुजरात और बिहार में शराब तस्करी कर खूब कमाई कर रहा था।