कुछ न्यूज चैनलों ने मौके से लाइव करना शुरू कर दिया था। उस समय दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने बच्चे की सुरक्षा का हवाला देकर मीडिया में खबर नहीं दिखाने और छापने का अनुरोध किया था।
बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए अमर उजाला ने भी खबर को प्रकाशित नहीं किया था। हालांकि कुछेक हिंदी व अंग्रेजी अखबारों ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
विहान गुप्ता के पिता सन्नी गुप्ता ने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि मीडिया ने खबर को छिपाकर अच्छा काम किया है। अन्यथा बदमाश उसके बेटे को नुकसान पहुंचा सकते थे।
सन्नी गुप्ता ने कहा कि दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों ने उसे व उसके परिवार को भरोसा दिलाया था कि वह उनके बच्चे को सकुशल वापस लाकर देंगे।
मासूम विहान अपने परिवार के साथ 58, गली नंबर-3 न्यू मॉर्डन शाहदरा में रहता है। इसके परिवार में पिता सन्नी गुप्ता, मां और सात साल की एक बहन के अलावा दादा अशोक गुप्ता व अन्य सदस्य हैं।
सन्नी का अपने पिता के साथ प्लास्टिक व डिस्पोजल आइटम का बड़ा कारोबार है। विहान आनंद विहार स्थित विवेकानंद स्कूल में नर्सरी कक्षा का छात्र है।
गत 25 जनवरी को सुबह 7.30 बजे पिता ने उसे व उसकी बहन को बस बिठाया और फिर घर आ गए। इधर 7.35 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने इहबास अस्पताल के सामने जबरन स्कूल बस रुकवाई।
अंदर घुसते ही बदमाशों ने विहान को आवाज लगाई। एक बदमाश ने बस चालक को गोली मार दी। बाद में वह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मासूम को अपनी बाइक पर बिठाकर ले गए।