21 गन सेल्यूट हेरिटेज व कल्चरल ट्रस्ट द्वारा निकाली जा रही इंटरनेशनल विंटेज कार रैली शनिवार को दिल्ली इंडिया गेट से होते हुए गुरुग्राम में करमा लेक लैंड्स गोल्फ कोर्स पर पहुंचेगी। गुरुग्राम में यह दुर्लभ शाही गाड़ियां विरासत को प्रदर्शित करेंगी। दो दिन गुरुग्राम में दर्शक शाही गाड़ियों का दीदार कर सकेंगे।
इस आयोजन में दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, लखनऊ, चेन्नई, जयपुर और अहमदाबाद सहित जर्मनी, फ्रांस, बेल्जियम, अमेरिका सहित दुनिया के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागियों को आमंत्रित किया है। इंटरनेशनल विंटेज कार रैली दो दिन तक शहर में होगी। 16 फरवरी को भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। 17 फरवरी को इन 150 कारों में से 10 कारें 23 दिवसीय इनक्रेडिबल इंडिया रैली के लिए आगे जाएंगी।
देखने को मिलेंगी ये विंटेज कारें
इस रैली में 1938 रोल्स-रॉयस , 3500 जीटी विग्नेल सिडर, 1939 ब्यूक रोडमास्टर कनर्वेटेबल, 1938 लैंसिया एस्टुरा सीरीज 4, 1949 ब्यूक रोडमास्टर, 1959 जगुआर एक्सके 150एस, 1966 फोर्ड मस्टैंग, 1930 कैडिलैक वी-16 रोडस्टर व अन्य 150 गाड़ियां देखने को मिलेंगीं।
4 हजार किलोमीटर चलते हुए गुरुग्राम सहित 17 शहरों से गुजरेगी रैली इंक्रेडिबल इंडिया रैली
23 दिवसीय शाही इंक्रेडिबल इंडिया रैली का आयोजन भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से 21 गन सेल्यूट हेरिटेज एंड कल्चरल ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा है। 17 फरवरी से शुरू होकर रैली हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए समापन 10 मार्च 2020 को शहर उदयपुर में पहुंचेगी। इनक्रेडिबल इंडिया रैली 17 शहरों को कवर करेगी इसमें 10 शाही गाड़ियां होंगी।