बुलंदशहर जिले के खुर्जा में रोड रेज के दौरान बाइक और पिकअप सवार युवकों में मारपीट हो गई। दोनों ही पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के दानगंज मंडी के पास बृहस्पतिवार को रोड रेज के दौरान बाइक और पिकअप सवार युवकों में मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दोनों ही पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
विज्ञापन
पहले पक्ष से आबदानगर निवासी नगीना ने तहरीर में बताया कि उनकी गांव में ही परचून की दुकान है। बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे उनका बेटा इकराम दुकान का सामान लेने के लिए बाइक से पुराने बाजार में गया था, जहां पर पीछे चल रहे पिकअप सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस पर इकराम ने पिकअप सवार को देख कर चलाने को कहा तो आरोपी बाहर आ गया। आरोपी व उसके साथियों ने लोहे की रोड से इकराम की बेरहमी से पिटाई कर दी।
विज्ञापन
वहीं, दूसरे पक्ष से सिटी स्टेशन निवासी सरोज देवी ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि उनके बेटे सोनू व मोनू महेश घी चौक के पास तेल की दुकान पर काम करते हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे दोनों भाई पिकअप से सामान लेकर दानगंज मंडी आए थे। सामान उतार कर दोनों वापस दुकान पर जा रहे थे, तभी सामने चल रहे बाइक को हॉर्न देकर साइड करने को कहा। इस पर आगे चल रहे बाइक सवार ने गाली-गलौज की। गाली देने का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि लोहे की रोड से हमला किया।
सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। इसमें घायल इकराम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्ष के तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है।