नई दिल्ली के उत्तम नगर का डॉन बनने के लिए एक नाबालिग ने फायरिंग की वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दी। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो दिल्ली पुलिस हरकत में आई। द्वारका जिले की आर्म्स रिकवरी टीम ने आरोपी नाबालिग को पकड़ कर दो लोगों की जान बचा ली। आरोपी नाबालिग गौरी गिरोह से जुड़ा हुआ था।
द्वारका जिला डीसीपी एंटो अल्फोंसे के अनुसार, आरोपी नाबालिग की उम्र साढ़े सतरह वर्ष है।
उसने नवादा उत्तम नगर में विक्की नामक युवक के घर फायरिंग की थी। आरोपी नाबालिग ने विक्की को उसके घर के बाहर से आवाज लगाई तो विक्की की मां ने बताया कि वह घर पर नहीं है। आरोपी नाबालिग ने विक्की के घर पर फायरिंग करते हुए व विक्की को जान से मारने की धमकी देते हुए की वीडियो बनवा ली थी। एसीपी राजेंद्र सिंह की देखरेख में द्वारका जिले की आर्म्स रिकवरी टीम प्रभारी सुभाष यादव, एएसआई करतार और हवलदार राकेश की टीम ने नाबालिग को चार जून को उत्तम नगर बस टर्मिनल के पास से पकड़ लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पकड़ गया आरोपी एक जनवरी, 2019 को पिस्टल के साथ बिंदापुर इलाके में पकड़ा गया था। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने उसे उस समय छोड़ दिया था। इसके बाद उत्तम नगर इलाके में कृष्णा नामक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। चार जनवरी, 2013 को इसने विशाल नामक व्यक्ति से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी।
दो लोगों की हत्या करना चाहता था
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी नाबालिग विक्की की हत्या करना चाहता था। इसके अलावा ये गौरी गिरोह से जुड़ा हुआ था। इस गिरोह की गुड्डू गिरोह से रंजिश चल रही है। वह गुड्डू की हत्या करना चाहता था।