पुलवामा आतंकी हमले के खिलाफ कैंडल मार्च निकालकर पाकिस्तान मुर्दाबाद का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले युवक ने हत्या की धमकी मिलने की शिकायत दी है। आरोप है कि कुछ पाकिस्तानी युवक उसे लगातार वीडियो कॉल कर 26 मार्च तक पाकिस्तान जिंदाबाद की पोस्ट अपलोड करने को कह रहे हैं। ऐसा नहीं करने की सूरत में उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। युवक ने मामले की शिकायत जारचा कोतवाली पुलिस से की है। मामले में कार्रवाई नहीं होने पर वह सोमवार को पीड़ित एसएसपी से शिकायत करेगा।
जारचा कोतवाली क्षेत्र के गांव ततारपुर निवासी राहुल राणा ने पुलवामा हमले के बाद एनटीपीसी क्षेत्र में 14 फरवरी को और घोड़ी गांव में 15 फरवरी को कैंडल मार्च निकाला था। 15 फरवरी को ही उसने दोनों जगह का वीडियो बनाकर उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। जो वायरल हो गया था।
आरोप है कि 18 फरवरी की रात उसको पाकिस्तान से एक युवक ने वीडियो कॉल कर कहा कि अगर 26 मार्च तक उसने पाकिस्तान जिंदाबाद की पोस्ट सोशल मीडिया पर नहीं डाली तो उसे जान से मार दिया जाएगा। फोन करने वाला खुद को पाकिस्तानी बता रहा था। राहुल के मुताबिक इसके बाद उसे पांच बार अलग-अलग पाकिस्तान के नंबरों से वीडियो कॉल कर धमकी दी गई।
आरोप है कि इसी बीच धमकी देने वालों ने उसके घर का पता, पिता का नाम की जानकारी वीडियो कॉल पर दी। युवक धमकी को लेकर भयभीत है। मामले की शिकायत स्थानीय चौकी में दी है पर उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। जारचा कोतवाली प्रभारी प्रकाश चंद ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।