फरीदाबाद पुलिस आयुक्त के जिम्मेदार ओहदे पर बैठे सुभाष यादव पीडि़तों के साथ गैर जिम्मेदार रवैया अपनाते हैं। ऑस्ट्रेलिया में काम बंद होने की वजह से मुझे लाखों रुपये सप्ताह का नुकसान हो रहा है। सीपी कहते हैं कि उन्होंने किसी को जाने से नहीं रोका है। यह आरोप एनआरआई महिला ने शुक्रवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में सीपी पर लगाए।
महिला के घर में 25 अक्तूबर को करीब चालीस लाख की चोरी हुई थी। पुलिस को चोर और उसकी कार की सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराने के एक माह बाद भी पुलिस खाली हाथ है। पीडि़ता का आरोप है कि पुलिस ने जांच फाइल ही खो दी है और अब उससे दोबारा दस्तावेज मांगे जा रहे हैं।
मूल रूप से सेक्टर-21डी निवासी मीना ऑस्ट्रेलिया के ग्रीफिथ शहर में रहती हैं। पेशे से कॉस्मेटोलॉजिस्ट मीना दो अक्तूबर को दिवाली मनाने यहां अपने घर आई थीं। 25 अक्तूबर को वह परिवार के साथ घूमने दिल्ली गई थीं।
शाम को जब वापस लौटीं तो घर के ताले टूटे हुए मिले। मीना के मुताबिक चोर 20,000 नगद, लैपटॉप, स्मार्टफोन, टीवी सहित करीब चालीस लाख रुपये कीमत के जेवरात उठा ले गया। पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध चोर और उसकी कार की तस्वीर कैद हो गई थी।