तीन करोड़ की ठगी करने वाले चौकीदार नितिन राठी के नेताओं जैसे ठाठ थे। वह कई बार राजनीतिक दलों के स्थानीय कार्यक्रमों में देखा गया है। जानकार बताते हैं कि नितिन नेताओं वाली पोशाक (सफेद रंग) ज्यादा पहनता था। गले में रंगीन पट्टी डाले भी देखा गया है। वह सत्ताधारी दल समेत अन्य पार्टियों के कार्यक्रमों में भाग लेता था।
वह पार्टी कार्यकर्ता बनकर नेताओं से करीबी रखता था। लाल-नीली बत्ती गाड़ी से सफर करते समय अगर पुलिस पकड़ लेती, तो नेताओं वाले हावभाव से धमका देता था।
उसने अपनी गाड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार लिखवा रखा था, जिससे पुलिस भी कार्रवाई से बचती थी। चालक और निजी गार्ड रखना उसके इसी लाइफ स्टाइल का हिस्सा था। अपने ठाठ-बाट से वह आसपास के लोगों में प्रभाव जमाने में कामयाब रहता था और लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाते थे।