फरीदाबाद के राजा नाहर सिंह क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे स्टड्स क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में विक्ट्री क्लब ने तीसरा मैच भी जीतकर क्वॉर्टर फाइनल में जगह बना ली है।
उसने लीग मैच में आरबी क्लब को सात विकेट से हराया। विक्ट्री क्लब की जीत में गेंदबाज नितिन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आरबी क्लब ने विक्ट्री क्लब के पहले बल्लेबाजी के न्योते को स्वीकारते हुए 9 विकेट खोकर 101 रन बनाए। आरबी की ओर से प्रदीप ने 6 छक्कों की मदद से 45 गेंदों पर 45 रन बनाए। हरेंद्र ने 14 रनों का योगदान दिया।
विक्ट्री क्लब की ओर से नितिन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।
वहीं हरप्रीत ने 2, जबकि मृणाल, उदित मोहन और उज्ज्वल झा ने 1-1 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए विक्ट्री की टीम ने 18.2 ओवर में 3 विकेट खोकर मैच जीत लिया। विक्ट्री के बल्लेबाज विक्रम धारीवाल ने सबसे अधिक 43, मृणाल सैनी ने 17 और उदित मोहन ने 28 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई।