जिस दिन पीएम मोदी की भतीजी के साथ झपटमारी हुई उसी दिन दिल्ली के अलग अलग इलाकों में ऐसी ही 18 वारदात हुई थीं। चूंकि इनमें से एक मामला पीएम की भतीजी का था सो दिल्ली की पूरी पुलिस के साथ विशेष दस्ते और जांच एजेंसियों को लगा दिया गया। झपटमार पकड़े गए लेकिन उस दिन अंजाम दी गई 18 वारदात का अब तक कोई सुराग नहीं लगा है।
अमर उजाला ने गत शनिवार को हुई वारदात वाले दिन झपटमारी के दर्ज मामलों की पड़ताल की तो पता चला कि अलग-अलग इलाकों में 19 जगह लोगों से झपटमारी हुई थी।
बदमाशों ने नबी करीम, द्वारका साउथ, गाजीपुर, कनॉट प्लेस, नंद नगरी, अशोक विहार, भारत नगर, नरेला इंडस्ट्रियल एरिया, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, नारायणा, जनकपुरी, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, वसंतकुंज नॉर्थ, हौजखास, आनंद विहार, साउथ रोहिणी, नॉर्थ रोहिणी, केएन काटजू मार्ग और सिविल लाइंस में 19 लोगों को अपना शिकार बनाया। इन सभी लोगों से या तो मोबाइल, पर्स या सोने की चेन लूटी गई।
यह तो वह मामले हैं, जिनकी पुलिस ने झपटमारी की एफआईआर दर्ज की है। इनके अलावा भी अनेक मामले या तो पुलिस के संज्ञान में नहीं आते या फिर पुलिस दर्ज ही नहीं करती है।