संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर के लोगों को अब वाहन पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए गुरुग्राम या पटौदी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उपमंडल बनने के बाद मानेसर में ही यह सुविधा जल्द शुरू होने वाली है। इसके लिए परिवहन विभाग की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों का कहना है कि लॉगिन आईडी मिलते ही पंजीकरण और लाइसेंस बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
मानेसर को सरकार की ओर से नई वाहन पंजीकरण सीरीज एचआर-76 वी से जेड तक आवंटित कर दी गई है। अब इस सीरीज के सभी नए वाहन मानेसर पंजीकरण प्राधिकारी के माध्यम से पंजीकृत होंगे।
ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने के लिए हाईटेक ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक भी बनाया जाएगा। फिलहाल अस्थायी रूप से एचएसआईआईडीसी कार्यालय के सामने टेस्ट ट्रैक तैयार किया जाएगा, जबकि स्थायी ट्रैक के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। नैनवाल गांव में भी इसके लिए जमीन देखी गई है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रैक पर जिले का कोई भी व्यक्ति ड्राइविंग टेस्ट दे सकेगा।
अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक तैयार होने और विभागीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद लाइसेंस जारी करने का काम पूरी तरह मानेसर से ही होगा। इससे उपमंडल के 40 से अधिक गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव ने बताया कि वाहन पंजीकरण की नई सीरीज आवंटित हो चुकी है। अब केवल विभाग की लॉगिन आईडी मिलने का इंतजार है। इसके बाद वाहन पंजीकरण और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सभी सेवाएं मानेसर में शुरू कर दी जाएंगी।