अलग-अलग लोगों का शौक भी अलग-अलग होती है, लेकिन एक शख्स ऐसा भी है जो अपने शौक को पूरा करने के लिए दिल्ली से लेकर एनसीआर के तमाम शहरों में पहुंच जाता है। दिल्ली के वसंत कुंज निवासी अनिल मारवाह शनिवार को जब इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन पहुंचे तो डीएमआरसी के अधिकारियों ने उनका फूल देकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। अनिल ने पहला स्मार्ट कार्ड खरीदा और इलेक्ट्रॉनिक सिटी से सिटी सेंटर के बीच मेट्रो के पहले सफर के गवाह बने। ऐसा उन्होंने पहली बार नहीं, बल्कि 35वीं बार किया।
अनिल ने बताया कि 2002 में जब दिल्ली में पहले मेट्रो रेल कॉरिडोर की शुरुआत हुई थी तब उन्होंने पहला स्मार्ट कार्ड खरीदा था। तब ही ठान लिया था कि दिल्ली-एनसीआर में जहां भी नई मेट्रो लाइन शुरू होगी वहां जाकर पहला स्मार्ट कार्ड खरीदेंगे और पहली मेट्रो से सफर करेंगे।
अब तक उनके पास 35 स्मार्ट कार्ड एकत्रित हो चुके हैं। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने बताया कि मेट्रो दिल्ली-एनसीआर की लाइफलाइन बन गई है। इस सुविधा ने शहरों की तस्वीर बदलकर रख दी है। मेट्रो के पहले स्मार्ट कार्ड ग्राहक और पहले सफर का गवाह बनना मुझे बेहद अच्छा लगता है।