आज से वैलेंटाइन वीक शुरू हो रहा है। युवाओं के लिए पूरा सप्ताह बहुत ही खास है। हर दिन अलग-अलग तरीके से युवा इसका जश्न मनाते हैं। आज रोज डे है। आज के दिन अलग-अलग रंगों के गुलाब के साथ युवा प्यार का इजहार करेंगे। हर कोई अलग अंदाज में वैलेंटाइन वीक मनाना चाहता है। लिहाजा अधिकतर युवाओं ने पहले से प्लानिंग कर रखी है।
इस बार युवाओं के हाथों में सामान्य के साथ साथ सोने की परत वाला गुलाब भी होगा। गुलाब की शेप में बॉक्स भी आ रहे हैं। बॉक्स में खास गिफ्ट रखकर दे सकते हैं। ये युवाओं को बहुत पसंद आ रहा है। इसके साथ ही कार्ड के जरिए भी अपने दिल की बात कही जा सकती है। वहीं, मॉल्स में भी वैलेंटाइन वीक का रंग दिख रहा है। युवाओं को आकर्षित करने के लिए दुकानें सजाई गई हैं।
स्पेशल गिफ्ट की हो रही खरीदारी
वैलेंटाइन वीक को युवा यादगार मनाना चाहते हैं। वह ऑनलाइन वेबसाइट पर गिफ्ट ढूंढ रहे हैं। गोल्ड प्लेटेड गुलाब, कार्ड, ज्वेलरी, चॉकलेट जैसे कहीं तरह के गिफ्ट मिल रहे हैं। गोल्ड प्लेटेड रोज की कीमत 399 रुपये से शुरू है। ऑनलाइन वेबसाइट पर कई चीजों को मिलाकर बड़ा गिफ्ट पैक तैयार किया गया है। लड़कों और लड़कियों की पसंदीदा चीजों का खास ध्यान रखा गया है। इनकी कीमत 2000 रुपये तक है।
गुलाब की कीमत बढ़ी
वैलेंटाइन वीक में गुलाब की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में दुकानदार गुलाब की कीमत भी बढ़ा देते हैं। लिहाजा कई युवाओं ने हर दिन के लिए अलग-अलग रंग के गुलाब की एडवांस बुकिंग करा ली है। हालांकि, अधिकतर युवा लाल रंग के गुलाब को खरीद रहे हैं।