16 जुलाई को चयनित उम्मीदवारों की जारी होगी सूची
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आईआईटी दिल्ली में एमेटक की खाली सीटें स्पॉट राउंड से भरी जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया मंगलवार को खत्म हो गई। स्पॉट राउंड में दाखिला का अवसर केवल उन उम्मीदवारों को मिलेगा जिन्होंने पहले आवेदन किया था।
आईआईटी दिल्ली के अनुसार, जिन उम्मीदवारों ने कॉमन ऑफर एक्सेप्टेंस पोर्टल के किसी भी राउंड में किसी आईआईटी या भारतीय विज्ञान संस्थान की सीट स्वीकार कर ली है, वह स्पॉट राउंड में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। स्पॉट राउंड के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सूची 16 जुलाई को जारी की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के अंदर दाखिला संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी होगी।
वहीं आईआईटी दिल्ली ने नए स्नातकोत्तर एवं पीएचडी छात्रों के लिए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां भी पूरी कर ली हैं। संस्थान में 18 जुलाई को पंजीकरण एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित होगा। जबकि 20 जुलाई से इंडक्शन कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इसके बाद नए छात्रों की नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू होंगी।
इसके अलावा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों के लिए ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड और पंजीकरण करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों ने प्रवेश शुल्क जमा किया है उनको एंट्री नंबर जारी किए जा चुके है। वहीं ऑनलाइन पोर्टल पर लॉगिन कर आवश्यक दस्तावेज जमा कर सकेंगे। एंट्री नंबर से छात्रों की संस्थान में स्थायी पहचान होगी।