पूछताछ में अकरम ने बताया कि उसने दिल्ली के सीलमपुर स्थित ब्रह्मपुरी इलाके में कमरा किराए लिया है। वह चोरी करने से पूर्व इसी में आकर रुक जाता है। इसके बाद पॉश इलाकों में रेकी करता था। बाद में रात के समय अकेला जाकर वारदात करता था। वह पूरी वारदात के दौरान मुंह ढककर रखता था। इसके अलावा, दस्तानों का प्रयोग करता था। पुलिस से बचने के लिए अकरम कभी भी मोबाइल लेकर चोरी करने नहीं जाता था। इसके अलावा वह कभी किसी वाहन का भी इस्तेमाल नहीं करता था।
ऊंची-ऊंची दीवारों पर चढ़ने में माहिर
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुपर चोर अकरम को स्पाइडरमैन कहा जाए तो गलत नहीं होगा। वह 10 से 12 फुट ऊंची दीवार पर आसानी से चढ़ जाता है। वह पतली दीवार पर भी भागने में माहिर है। वारदात के दौरान अकरम ऊंची-ऊंची दीवारों से कूदने में भी एक्सपर्ट है। अकरम बड़े आराम से 12 से 15 फुट ऊंची दीवार से कूद जाता है। आरोपी ने अब तक दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, महारानी बाग, साकेत और सफदरजंग जैसे पॉश इलाकों में 25 से अधिक वारदात की हैं।
खुद अनपढ़, हाईप्रोफाइल महिलाओं से दोस्ती का शौक
पूछताछ में अकरम ने बताया कि वह अनपढ़ है, लेकिन उसे महंगे कपड़े पहनने, महंगे मोबाइल रखने और लग्जरी लाइफ का शौक है। उसे हाईप्रोफाइल महिलाओं से दोस्ती करने का भी शौक है। अकरम ने बताया कि उसने दो शादियां की हुई हैं। दोनों पत्नियों से उसके दो-दो बच्चे हैं। एक पत्नी उसके परिवार के साथ उधम सिंह नगर में रहती है, जबकि दूसरी बिजनौर में बच्चों के साथ रहती है।