उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री एवं गाजियाबाद के विधायक अतुल गर्ग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। सोमवार को बुखार एवं गले में दर्द की शिकायत होने पर उन्होंने सैंपल जांच के लिए भेजा था। देर रात उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अभी वह होम आइसोलेशन में हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम घर के अन्य सदस्यों की भी जांच करने के लिए उनके घर जा रही है। 15 अगस्त को आरटी पीसीआर लैब का उद्घाटन करते समय उन्होंने अपने सैंपल की जांच कराई थी। उस समय उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
अतुल गर्ग ने खुद इसकी जानकारी अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए दी है और अपनी कोरोना रिपोर्ट की तस्वीर भी साझा की है। अतुल गर्ग ने पोस्ट में लिखा है, '15 अगस्त को मेरा RTPCR टेस्ट हुआ जिसमें मैं निगेटिव आया था पर कल रात 9 बजे रैपिड एंटीजन टेस्ट में पॉजिटिव आया हूं। 16 से 18 तारीख के बीच जो भी मुझसे मिले है उन्हें अपना ख्याल रखते हुए टेस्ट कराना उचित रहेगा। इसमें मेरा किसी भी प्रकार का सहयोग चाहिए तो मुझे आप फोन कर सकते हैं या मेरे सहयोगी राजेंद्र मित्तल, अजय राजूपत से भी फोन पर बात कर सकते हैं।
अब तक जिले के तीन विधायक हो चुके हैं कोरोना संक्रमित
प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री व गाजियाबाद विधायक अतुल गर्ग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने इसकी जानकारी ट्विटर एवं फेसबुक के जरिए भी दी। अभी तक मंत्री होम कोरेंटीन में हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम उनके घर के अन्य सदस्यों का सैंपल लेने के लिए घर पर गई है।
मंत्री के संक्रमण की चपेट में आने पर स्वास्थ्य विभाग के वह तमाम अधिकारी दुविधा में है जो कि एमएमजी अस्पताल में आरटीपीसीआर लैब के उद्घाटन के मौके पर 15 अगस्त को मौजूद थे। मंत्री ने लैब के उद्घाटन के समय पहला सैंपल दिया था, लेकिन जांच में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने बताया कि कई दिनों से शरीर में दर्द होने के साथ ही सोमवार को गले में खराश की परेशानी हुई तो जांच कराई, तो एंटीजन रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 15 अगस्त को शहर विधायक एवं योगी सरकार के स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने लैब का उद्घाटन किया था।
इस दौरान प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों के अतिरिक्त अतुल गर्ग के समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र कुमार मेहंदी वाले को जब सूचना मिली कि अतुल गर्ग भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं, तो आनन फानन में उन्होंने अपनी जांच कराई और जानकारी दिया कि उनकी रिपोर्ट निगेटिव है।
दो विधायक संक्रमण से हो चुके हैं मुक्त
मुरादनगर विधायक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि हाल में साहिबाबाद विधायक एवं उनका पूरा परिवार भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। दो दिन पहले ही साहिबाबाद विधायक को अस्पताल से छुटटी मिली है। अब अतुल गर्ग जिले के तीसरे विधायक एवं प्रदेश के राज्यमंत्री संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। अब तक संक्रमण की चपेट में आने से दो मंत्रियों की मौत भी हो चुकी है।
सीएमओ कार्यालय में कार्यरत फार्मासिस्ट संक्रमित
सीएमओ कार्यालय परिसर में स्थित मुख्य मेडिकल (सीएमएसडी) स्टोर में कार्यरत फार्मासिस्ट और उनका बेटा भी संक्रमण की चपेट में आ गया है। हैरानी की बात यह है कि अब तक सीएमओ कार्यालय में अब तक छह कर्मचारी संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, लेकिन सिर्फ एक बार डेढ़ महीने पहले सैनिटाइजेशन हुआ था। अभी भी बिना सैनिटाइजेशन हुए स्टोर में एक कंप्यूटर ऑपरेटर कार्य कर रहा है। इस मामले में सीएमओ का कहना है कि मेडिकल स्टोर बंद नहीं किया जा सकता है, क्योंकि वहां से पूरे जिले के कोविड अस्पतालों के लिए दवाई और अन्य संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं। स्टोर को सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंप्यूटर ऑपरेटर को मुख्य कार्यालय में शिफ्ट किया जाएगा।