नई दिल्ली। उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई वारदात के बाद सोशल मीडिया पर हिंसक धमकियां वायरल हो रही हैं। इसमें खून की होली हम भी खेलेंगे जैसे उकसावे भरे नारे लगाए जा रहे हैं। इस संबंध में एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (एपीसीआर) ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें पुलिस को तत्काल कार्रवाई करने और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश देने की मांग की गई है।
याचिका में बताया कि 4 मार्च को उत्तम नगर में 26 वर्षीय तरुण की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। शुरुआत तब हुई जब तरुण के 11 वर्षीय चचेरे भाई ने घर की छत से पानी का गुब्बारा फेंका, जो गुजर रही एक महिला पर गिर गया। महिला ने लड़की को डांटा और चली गई, लेकिन शाम को उसी महिला और उसके परिजनों ने तरुण को घर लौटते समय घेरकर मार डाला। इस घटना ने इलाके में सांप्रदायिक रंग ले लिया।