- कानपुर से दिल्ली आकर करते थे वारदात, 120 सीसीटीवी कैमरे की जांच के बाद हुई पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस ने दुकानदारों को बातों में उलझाकर चोरी करने वाले टोपी गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान मूलरूप से कानपुर निवासी नितिन कुमार और हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। दोनों पहचान छिपाने के लिए टोपी पहनकर वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, दो हजार रुपये और दो टोपी बरामद की हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि 4 जून को साउथ कैंपस थाना में एक दुकानदार ने चोरी की शिकायत की थी। उसकी दुकान पर आए दो युवकों ने बातों में उलझा कर मोबाइल फोन चोरी कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस तरह की वारदात की अन्य शिकायतें भी आई थी। मामले की जांच जिले की सेंधमारी निरोधक दस्ते को सौंपी गई। पुलिस ने करीब 120 सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त फुटेज की जांच की। जिसमें दो बदमाश टोपी पहनकर वारदात को अंजाम देते दिखे। बाद में मिले एक फुटेज में बदमाशों का चेहरा दिखा। पुलिस ने निगरानी बढ़ाकर 11 जुलाई को इलाके से दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
दक्षिण दिल्ली में दुकानों को बनाते थे निशाना
दक्षिण पश्चिम डीसीपी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक आरोपियों का बहनोई चोरी करने वाले टोपी गैंग चलाता है। आर्थिक तंगी के कारण वह गैंग से जुड़ गए। वह कानपुर से दिल्ली आकर यहां किराये के मकान लेते थे और फिर दक्षिण दिल्ली के दुकानों को निशाना बनाते थे। वारदात को अंजाम देने के दौरान पहचान छिपाने के लिए काले रंगी की टोपी पहनते थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरोह के सरगना की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।