सी-सैट मामले में सरकार और दिल्ली पुलिस के रवैये से गुस्साए यूपीएससी के परीक्षार्थी अब किताबों को छोड़कर बुधवार से सड़कों पर विधायकों और सांसदों का घेराव करेंगे।
छात्रों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाएगी वह आंदोलन करते रहेंगे। इसकी शुरुआत पीएमओ में राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह के घेराव से होगी। दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने छात्रों को जंतर-मंतर पर मंच बनाने की अनुमति दे दी है।
आंदोलन के लिए छात्रों ने एक कमेटी बनाई है। इसका कंट्रोल रूम दिल्ली में बनाया गया है। जहां से देश के सभी राज्यों से संपर्क स्थापित किया जाएगा। छात्रों ने फैसला किया है कि बुधवार को इलाहाबाद, वाराणसी, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा और राजस्थान में एक साथ आवाज बुलंद करेंगे।