यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट और दिल्ली की स्पेशल सेल की संयुक्त टीम ने बुधवार रात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर नवीन कुमार को मुठभेड़ में मार गिराया। नवीन पर हत्या, हत्या के प्रयास, अपहरण, डकैती और मकोका सहित 20 से अधिक केस दिल्ली और उत्तर प्रदेश में दर्ज हैं।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बुधवार की रात करीब 11 बजे हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के प्रीत विहार में मुठभेड़ हुई। बाइक सवार बदमाश भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस के घेराव करने पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस के जवाबी फायरिंग में गोली लगने से बाइक सवार बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां बदमाश को मृत घोषित कर दिया गया। मृतक बदमाश की पहचान नवीन कुमार निवासी लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है।
नवीन थाना फर्श बाजार दिल्ली में हत्या और मकोका के केस में वांछित था। वांछित अभियुक्त नवीन लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर था। वह लारेंस के नजदीकी सदस्य हाशिम बाबा के साथ अपराध करता था। दिल्ली के दो दो केस में कोर्ट से उसे सजा भी हो चुकी है। उसके पास से एक बाइक, एक पिस्टल, दो कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ है।
एडिशनल एसपी नोएडा एसटीएफ आरके मिश्रा ने बताया कि घटना में दो पुलिसकर्मी अंकुर और बिजेंद्र घायल हुए हैं। एक बदमाश फरार है। उसकी तलाश जारी है।
यूपी व हरियाणा में भी रहा वांटेड
मिली जानकारी के मुताबिक बदमाश नवीन ने लॉरेंस गैंग व उसके पहले दूसरे गैंग के साथ मिलकर गाजियाबाद व गुरुग्राम में भी कई संगीन अपराध किए थे। साहिबाबाद में 2009 में हुई एक हत्या में शामिल था। 2011 में गुरुग्राम सदर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास, हत्या व साजिश के केस में आरोपी बनाया था। नवीन के खिलाफ दिल्ली के सदर बाजार, सीमापुरी, वेलकम समेत अन्य थानों में कई केस दर्ज थे।
दो मामलों में हुई थी सजा
सदर बाजार इलाके में अप्रैल 2015 में इसके खिलाफ मकोका का केस दर्ज हुआ था। दिल्ली के दो मामलों में इसको सजा भी हो चुकी है। यह जेल से बाहर आकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस नवीन के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर मामले की जांच में जुटी है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बुधवार की रात करीब 11 बजे हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के प्रीत विहार में मुठभेड़ हुई। बाइक सवार बदमाश भागने का प्रयास कर रहा था। मृतक बदमाश की पहचान नवीन कुमार निवासी लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है।
- ज्ञानंजय सिंह, एसपी, हापुड़
घटना में दो पुलिसकर्मी अंकुर और बिजेंद्र घायल हुए हैं। एक बदमाश फरार है। उसकी तलाश जारी है।
-आरके मिश्रा, एडिशनल एसपी नोएडा एसटीएफ