उत्तर प्रदेश में कोरोना के बढ़ते हुए खतरे को देखकर यूपी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है और इसके तहत उसने आज रात 12 बजे से सूबे के 15 जिले सील करने का आदेश दिया है। इन 15 जिलों में एनसीआर के भी तीन जिले हैं। आज रात 12 बजे से गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और बुलंदशहर भी सील हो जाएंगे। हालांकि खास बात ये है कि जिन जिलों के सील होने की घोषणा की गई है, वहां सिर्फ कोरोना के हॉटस्पॉट ही सील होंगे पूरा जिला नहीं।
इन 15 जिलों के हॉटस्पॉट होंगे सील
उ.प्र. के अपर प्रमुख सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने बताया है कि यूपी. के 15 जिलों- आगरा, कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, गाजियाबाद, शामली, बरेली, बुलंदशहर, बस्ती, महाराजगंज और सीतापुर में जिन कोरोना के हॉटस्पॉट की पहचान की गई है वहां सख्ती से लॉकडाउन लागू किया जाएगा।
15 जिलों में इतने हैं हॉटस्पॉट
अवनीश अवस्थी ने बताया कि आगरा में 22 , गाजियाबाद में 13, गौतमबुद्धनगर में 12, कानपुर में 12, वाराणसी में 4, शामली में 3, मेरठ में 7, बरेली में 1, बुलंदशहर में 3, बस्ती में 3, फिरोज़ाबाद में 3, सहारनपुर में 4, महाराजगंज में 4, सीतापुर में 1 और लखनऊ में 8 बड़े और 4 छोटे हॉटस्पॉट हैं। इन इलाकों में अब बैंक भी नहीं खुलेंगे, इसकी सेवाएं लोगों की जरूरत के अनुसार उनके घर पहुंचेंगी। साथ ही इन हॉस्टपॉट पर मीडिया के जाने पर भी रोक रहेगी।
गाजियाबाद में ये 13 इलाके हैं हॉटस्पॉट
गाजियाबाद में राजनगर एक्सटेंशन, वसुंधरा, वैशाली, शालीमार गार्डन, टीला मोड़, शिप्रा सनसिटी, नंदग्राम, मसूरी, सीवियर सोसाइटी, कौशाम्बी समेत कुल 13 हॉटस्पॉट हैं।
बुलंदशहर के ये तीन इलाके रहेंगे सील
वीरखेड़ा गांव सिंकदराबाद, जनता इंटर कॉलेज जहांगीराबाद, रुकनसराय बुलंदशहर।
डीजीपी ने क्या कहा
वहीं डीजीपी एच.सी. अवस्थी, लखनऊ ने बताया कि हॉटस्पॉट इलाकों में सबसे ज्यादा कोरोना केस सामने आए हैं। कोरोना को फैलने से रोकने के लिए इन हॉटस्पॉट से आवागमन पूरी तरह से रोका जाएगा। ऐसे इलाकों की पहचान करना और उसे बंद कैसे करना है वो बैठक में निर्धारित किया जाएगा।
डीजीपी ने आगे बताया कि इन इलाकों में किस तरह की आवश्यक सेवाएं दी जाएगी ये तय किया जाएगा। फायर सर्विस की गाड़ियों से उस एरिया को सैनिटाइज किया जाएगा। वहां एंट्री रोकने की जरूरत पड़ी तो बैरियर्स लगाए जाएंगे। 112 सर्विस या जो पुलिस पेट्रोल है उसे लगाकर इसे हर दिशा में लागू किया जाएगा।
जिले के सीलिंग की बात सुनते ही इन जिलों के दुकानों पर लंबी कतारें लग गई हैं। इसके बाद गाजियाबाद के डीएम और एसएसपी ने लोगों से अनुरोध किया है कि कृपया समस्त जनपद में कर्फ्यू लगने की अफवाह ना फैलाएं। जिलों के हॉस्टस्पॉट ही सील होंगे।