दिल्ली में बुधवार को कोरोना वायरस के 1501 मामले सामने आए हैं। जबकि 48 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 32810 हो गई है। राजधानी में बुधवार को 384 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। जबकि अब तक 12245 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से दिल्ली में अब तक 984 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी में अभी कोरोना वायरस के 19851 सक्रिय मामले हैं।
पंजाबी बाग श्मशान घाट आरक्षित
दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में स्थायी समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र गुप्ता ने बताया है कि दिल्ली में कोरोना से मरने वालों बढ़ती संख्या को देखते हुए पंजाबी बाग श्मशान घाट को कोविड शिकार लोगों के लिए आरक्षित कर दिया गया है।
गाजियाबाद में कोरोना से चार लोगों की मौत
गाजियाबाद में कोरोना की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई है। बहरामपुर निवासी 39 वर्षीय युवक, चिंरजीव विहार निवासी 37 वर्षीय युवक, घूकना के बुजुर्ग और संजय नगर में भर्ती नाहर सिंह की मौत हुई है। अभी स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि नहीं की है।
गुरुग्राम सीएमओ का तबादला
गुरुग्राम के सीएमओ जेएस पुनिया का तबादला कर दिया गया है। गुरुग्राम में जिस प्रकार करोना के मामले बढ रहे हैं, उसे रोकने में पुनिया कामयाब नहीं रहे। इसी कारण उनका तबादला नूह में कर दिया गया है।
गुरुग्राम में 217 नए मामले आए सामने
गुरुग्राम में बुधवार को कोरोना वायरस के 217 नए मामले सामने आए है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2546 हो गई है।
फरीदाबाद में 55 नए मामले
फरीदाबाद में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 55 नए मामले सामने आए हैं। जबकि तीन लोगों की मौत हो गई है।
दिल्ली के सभी अस्पतालों आदि के बाहर लगेंगे एलईडी, देंगे बेड से लेकर फीस तक की जानकारीः एलजी
दिल्ली उपराज्यपाल ने सभी अस्पतालों/क्लीनिक/नर्सिंग होम को अपनी बिल्डिंग्स के बाहर एंट्री पॉइंट पर एलईडी बोर्ड पर बेड की उपलब्धता (COVID और गैर-COVID), कमरों के लिए फीस और एडमिशन के लिए संबंधित व्यक्ति का विवरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
दिल्ली एम्स में बीएसएफ कांस्टेबल की मौत
दिल्ली एम्स में आज एक बीएसएफ कांस्टेबल की कोरोना से मौत हो गई। इसी के साथ ही अब तक कोरोना संक्रमण तीन बीएसएफ जवानों की जान ले चुका है। यह कांस्टेबल दिल्ली पुलिस के साथ कार्य कर रहा था। पांच जून को उसे कमजोरी और खांसी के चलते एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां आज उसकी मौत हो गई।
गाजियाबादः कोरोना संक्रमित 4 की संतोष अस्पताल में मौत
गाजियाबाद में कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई। चारों का अंतिम संस्कार हिंडन स्थित श्मशान घाट पर कराया गया। बहरामपुर निवासी 39 वर्षीय युवक की मौत जिला एमएमजी अस्पताल से संजय नगर अस्पताल में शिफ्ट करने के बाद मंगलवार को हुई थी। चिंरजीव विहार निवासी 37 वर्षीय युवक को जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां पर सांस लेने में परेशानी होने पर संतोष अस्पताल में शिफ्ट कराया गया था। वहां पर युवक ने दम तोड़ दिया। घूकना में रहने वाले बुजुर्ग की संक्रमण की चपेट में आने के बाद मौत हो गई। संजय नगर में भर्ती व्यक्ति को संतोष अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। अब तक जिले में मृतकों की संख्या 38 हो गई है। संक्रमण की चपेट में आने से हो रही मौत को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन भी सकते में है। बुधवार को हुई किसी भी मौत के बारे में अभी तक स्वास्थ्य विभाग ने कुछ भी कहने से इंकार किया है।
गुरुग्राम में 88 नए मामले
गुरुग्राम में सुबह के स्वास्थ बुलेटिन में 88 नए मामले सामने आए हैं।
सत्येंद्र जैन टेस्ट नहीं करते यूपी और हरियाणा
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने आज कहा कि हरियाणा और उत्तर प्रदेश टेस्ट तो करते नहीं हैं। हरियाणा कहता है कि हमारे यहां 1,000 सक्रिय मामले हैं, उत्तर प्रदेश इतना बड़ा राज्य कहता है कि 2,000-3,000 सक्रिय मामले हैं। लेकिन उनके यहां बीमार खूब हैं।