दिल्ली सरकार ने नर्सिंग होम को कोविड विशेष बनाने वाले अपने फैसले को वापस ले लिया है। नर्सिंग होम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएन दास ने इस बाबत एक आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, दिल्ली के 10 से 49 बेड की क्षमता वाले नर्सिंग होम को कोविड नर्सिंग होम नहीं बनाया जाएगा। इनमें सभी मरीजों का इलाज हो सकेगा। उल्लेखनीय है कि शनिवार को सरकार ने घोषणा की थी कि 10 से 49 बेड की क्षमता वाले सभी छोटे एवं मध्यम मल्टीस्पेशियलिटी नर्सिंग होम को कोविड नर्सिंग होम बनाया जाएगा। इनमें 5 हजार बेड की व्यवस्था होगी। इस क्षमता वाले सभी नर्सिंग होम को तीन दिन के अंदर अपने कोविड बिस्तरों को तैयार रखने का आदेश दिया गया था, लेकिन रविवार देर रात इस फैसले को वापस ले लिया।
दिल्ली में रिकॉर्ड 2224 नए मामले
दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस के रिकॉर्ड मामले सामने आए हैं। राजधानी में आज कोरोना वायरस के 2224 नए मामले सामने आए। जबकि 56 लोगों की मौत को गई। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 41182 हो गई है। रविवार को 878 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। दिल्ली में अब तक 15823 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना वायरस से राजधानी में अबतक 1327 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली में अभी 24032 सक्रिय मामले हैं।
गुरुग्राम में कोरोना वायरस के 169 मामले
गुरुग्राम में रविवार को कोरोना वायरस के 169 मामले सामने आए हैं।
उत्तर रेलवे केंद्रीय अस्पताल में कोरोना जांच शुरू हुई
उत्तर रेलवे केंद्रीय अस्पताल ने भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और दिल्ली सरकार से अनुमोदन पाने के बाद अपनी नई स्थापित माइक्रोबायोलॉजी लैब में कोरोना वायरस की जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 242 हुई
दिल्ली सरकार ने रविवार को जानकारी दी कि राजधानी में कंटेनमेंट जोन की संख्या 242 हो गई है। अब तक 67 इलाकों को कंटेनमेंट जोन की सूची से हटाया गया है।
गौतमबुद्धनगर में 70 नए मामले
गौतमबुद्धनगर में रविवार को कोरोना वायरस के 70 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 16 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। जिले में अब तक 510 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। गौतमबुद्धनगर में अभी 413 सक्रिय मामले हैं। कोरोना वायरस से अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी के साथ कुल संक्रमितों की संख्या 935 हो गई है।
दिल्ली वेस्ट कार्यालय में पीएफ कोविड एडवांस का एक भी केस पेंडिंग नहीं
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) जनसंपर्क अधिकारी राकेश द्विवेदी ने जानकारी दी कि पीएफ कमिश्नर उत्तम प्रकाश की अध्यक्षता में दिल्ली वेस्ट कार्यालय में कोरोना पीएफ एडवांस केस का एक भी मामला पेंडिंग नहीं है। इनकी पूरी कोशिश है कि नियमों के तहत जो भी पीएफ खाताधारक अपना पैसा निकालना चाहता है उसे जल्द से जल्द यह मुहैया कराया जाए। पिछले 50 दिनों से लगातार केसों का निस्तारण 24 घंटे के अंदर किया जा रहा है। यहां स्टाफ ने लॉकडाउन में बिना अवकाश के लगातार काम किया है। इसी बीच सभी पेंशनरों की देय पेंशन का भी लगातार भुगतान किया गया। इस बात की जानकारी दिल्ली वेस्ट कार्यालय ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी जारी की है।
दिल्ली सरकार ने बाड़ा हिंदू राव अस्पताल को कोरोना अस्पताल घोषित किया
उत्तरी दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत चल रहे बाड़ा हिंदू राव अस्पताल को दिल्ली सरकार ने कोरोना अस्पताल घोषित कर दिया है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को कोरोनो रोगियों को भर्ती करने के लिए अस्पताल के सभी बेड उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
एलजी ने किया राधा स्वामी सत्संंग ब्यास का दौरा
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल राधा स्वामी सत्संग ब्यास के कैंपस का दौरा किया। दिल्ली के छतरपुर में स्थित इस कैंपस में कोरोना के मरीजों के लिए 10 हजार बेड लगाए जाएंगे।
कोरोना पर शाह-केजरीवाल की बैठक खत्म
दिल्ली में कोरोना के बढ़ते खतरे पर चल रही गृहमंत्री अमित शाह और दिल्ली केे सीएम की बैठक खत्म हो चुकी है।
शुरू हुई गृहमंत्रालय में बैठक
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक करने के लिए पहुंच चुके हैं। उनके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया, मनीश सिसोदिया, सत्येंद्र जैन व अन्य अधिकारी भी शामिल हैं। इस बैठक में कोरोना के बढ़ते खतरों से निपटने के उपायों पर चर्चा होगी।
केजरीवाल ने ट्वीट कर अपनी सरकार के फैसले की सराहना की
दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है कि राज्य में 10-49 बिस्तर की क्षमता वाले सभी छोटे एवं मध्यम मल्टीस्पेशिएलिटी नर्सिंग होम को 'कोविड-19 नर्सिंग होम' में बदल दिया जाए। इसी फैसले पर केजरीवाल ने आज ट्वीट कर कहा कि, दिल्ली सरकार के इस निर्णय से 5000 से अधिक बेड करोना के लिए उपलब्ध हो जाएंगे। अगले कुछ दिनों में हमारे अधिकारी हर नर्सिंग होम के मालिक से बात करके उनकी समस्याओं को भी दूर करेंगे।
11 बजे गृहमंत्री के साथ केजरीवाल की होगी बैठक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्यों के साथ दिल्ली में कोरोना की स्थिति को लेकर आज 11 बजे बैठक करेंगे।
दरियागंज की सब्जी मंडी में उड़ीं सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां
दिल्ली की दरियागंज सब्जी मंडी में लोगों की खासी भीड़ जमा दिखी। बैरिकेडिंग लगाकर लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया गया। लोगों का तापमान चेक कर और चेहरे पर मास्क के बाद ही उन्हें सब्जी मंडी में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर आवाजाही सामान्य रूप से चल रही है
दिल्ली-गुरूग्राम बॉर्डर पर वाहनों की सामान्य आवाजाही है। गौरतलब है कि पहले गुरुग्राम की सीमा सील थी, बाद में दिल्ली सरकार ने अपनी सीमा सील कर दी जिससे आने-जाने वालों को काफी परेशानी हो रही थी। लेकिन अब अनलॉक के प्रथम चरण में गृहमंत्रालय की गाइडलाइन को मानते दोनों राज्यों ने अपनी सीमाएं खोल दी हैं। हालांकि नोएडा प्रशासन ने अब भी सीमाएं सील कर रखी हैं।