बिसरख थाना क्षेत्र में गौर मॉल के सामने बुधवार की देर रात सर्विस रोड पर सो रहे कई लोगों को अज्ञात कैंटर ने रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में बदायूं के उझानी निवासी विनोद (22) और मैनपुरी के बेबर निवासी पूरन (30) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हाथरस का श्याम सिंह और अलीगढ़ का पिंकू घायल हो गए। श्याम सिंह का दायां पैर कट गया है। गंभीर हालत में उसे दिल्ली रेफर किया गया है। घटना के संबंध में पूरन के परिजनों की ओर से अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
गौर मॉल के सामने चार मूर्ति चौकी की ओर वाली सर्विस रोड पर क्रेन, हाइड्रा और रिकवरी वैन आदि खड़ी रहती हैं। यहीं पर इनके चालक रात को चारपाई डालकर सो भी जाते हैं। बुधवार की रात करीब 11.30 बजे हाइड्रा आदि के चालक और हेल्पर आदि सो रहे थे। इसी दौरान ईटेड़ा गोल चक्कर की ओर से अज्ञात कैंटर आया और सोते हुए लोगों को रौंदता हुआ निकल गया। इस दौरान कैंटर वहां पर लगे ट्रांसफार्मर के खंबों से भी टकराया, जिससे खंबे कुछ तिरछे हो गए। हादसे के बाद चालक कैंटर सहित फरार हो गया।
इस दुर्घटना में मैनपुरी के थाना बेबर के गांव लहगांव निवासी पूरन और बदायूं के उझानी के गांव ननाखेड़ी निवासी विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल श्याम सिंह को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया । वहां पर उसकी गंभीर हालत देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। रात में ही शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा गया। परिजन शव लेकर अपने शहरों को रवाना हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आसपास के सीसीटीवी खंगाले हैं, उनमें कैंटर दिखाई दे रहा है। लेकिन उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो रहा है। इसके लिए अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। एसीपी द्वितीय राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मामले में अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कैंटर चालक की तलाश की जा रही है।