गाजियाबाद जिले में दो हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा नगर कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक बाइक सवार कोषागार कर्मी को एक अज्ञात वाहन ने रौंदा दिया। जानकारी के मुताबिक बाइककर्मी की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं दूसरा हादसा, ट्रॉनिका सिटी पुश्ता मार्ग पर हुआ। कासिम विहार कॉलोनी के सामने बृहस्पतिवार रात किसी वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचल दिया। दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिल्ली के सीलमपुर इलाके में मुकेश (40) परिवार के साथ रहते थे। वह गांधीनगर में ही एक फैक्ट्री में काम करते थे। उनके बेटे नितेश कुमार ने बताया कि पिता सीलमपुर में ही रहने वाले अपने दोस्त नरेंद्र कुमार (40) के साथ बृहस्पतिवार दोपहर बाइक से लोनी गए थे।
लोनी के रामपार्क विस्तार कॉलोनी में नरेंद्र की बहन दीपा रहती है। बहन से मिलकर रात में ही दोनों बाइक से दिल्ली लौट रहे थे। बाइक पिता मुकेश चला रहे थे। कासिम विहार कालोनी के पास तेज रफ्तार किसी वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि वह कई फीट दूर जाकर गिरे। बताया गया कि हादसा होते ही चालक वाहन लेकर भाग गया। आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायल नरेंद्र और मुकेश को दिल्ली केजीटीबी अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। ट्रॉनिका सिटी एसएचओ सुभाष सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।