डीजीपी ओपी सिंह बृहस्पतिवार दोपहर ग्रेटर नोएडा स्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। वह दिल्ली में यूपीएससी की बैठक में हिस्सा लेने आए थे। वहां से लौटते हुए ग्रेटर नोएडा में रुक गए। इस दौरान एडीजी भी मौजूद रहे। डीजीपी ने केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा को ब्लैकमेल करने के मामले की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। डीजीपी ने एडीजी समेत एसएसपी के साथ बैठक की। साथ ही जिले में कानून-व्यवस्था का हाल जाना और कुछ विशेष मामलों पर निर्देश भी दिए। डीजीपी ने विशेष रूप से केंद्रीय मंत्री के मामले में जांच की स्थिति परखी। उन्होंने फरार चल रहे मुख्य आरोपी आलोक समेत अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही। शाम करीब पांच बजे वह लौट गए।
क्या था मामला
केंद्रीय मंत्री व सांसद डॉ. महेश शर्मा को बंद हो चुके प्रतिनिधि चैनल के संचालक आलोक कुमार एक कथित महिला पत्रकार नीशू के साथ मिलकर ब्लैकमेल कर दस करोड़ की मांग कर रहे थे। सोमवार को पुलिस ने आरोपित युवती को गिरफ्तार किया था। जबकि मुख्य आरोपी आलोक कुमार अभी फरार है। नीशू सात दिन की पुलिस रिमांड पर है। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। डीजीपी ने एसएसपी वैभव कृष्ण को मामले की तह तक जाने के निर्देश दिए हैं।