गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'आज मैं नई दिल्ली वालों की ओर से आपको बताने आया हूं कि वहां केजरीवाल स्वयं चुनाव हार रहे हैं। दिल्ली की जनता इस झूठे व्यक्ति को जान गई है। अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान केजरीवाल कहा था कि हम राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन इन्होंने पार्टी बनाई। इन्होंने कहा था कि हम गाड़ी नहीं लेंगे, लेकिन गाड़ी ली, इन्होंने कहा था कि सिक्योरिटी नहीं लेंगे, लेकिन सिक्योरिटी ली, इन्होंने कहा था कि बंगला नहीं लेंगे, लेकिन इन्होंने अपने लिए 52 करोड़ रुपये का 50 हजार गज का शीश महल बना लिया।'
शाह ने कहा, 'केजरीवाल ने घोटालों की भरमार कर दी। हजारों करोड़ का शराब घोटाला किया और मंदिर, स्कूल, गुरुद्वारे के पास शराब की दुकानें खोल दी। 28,400 करोड़ का जल बोर्ड का घोटाला किया, 4,500 करोड़ का DTC बस घोटाला किया, 1,300 करोड़ का क्लासरूम घोटाला किया। 571 करोड़ का सीसीटीवी घोटाला किया और 65,000 नकली टेस्ट का घोटाला किया। भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़कर आए केजरीवाल स्वयं भ्रष्टाचार की मूर्ति बन गए और बड़े मियां-छोटे मियां दोनों शराब घोटाले में जेल गए।'
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'इन्होंने अभी-अभी एक पाप किया है। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार यमुना जी के पानी में जहर घोल रही है। केजरीवाल तो खुद को हरियाणा का बेटा कहते थे, लेकिन अब इन्होंने हरियाणा का अपमान किया है। ये स्वयं पानी को शुद्ध नहीं कर पाए, इसलिए हरियाणा पर आरोप लगा रहे हैं और हरियाणा वालों का अपमान कर रहे हैं।'