सरकार देश के सभी एम्स में डॉक्टरों को नया तोहफा देने जा रही है। इसकी शुरुआत दिल्ली एम्स से शनिवार को हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने स्किल लैब का उद्घाटन किया। इस लैब के जरिये डॉक्टर ऑपरेशन से पहले डेमो पर प्रैक्टिस कर सकेंगे। गौरतलब है कि अक्सर नए डॉक्टरों और नर्सों पर इंजेक्शन या कैनुला ठीक ढंग से न लगाने के मामले सामने आते रहे हैं। खुद एम्स की बीते वर्ष सामने आई एक स्टडी के अनुसार, ज्यादातर डॉक्टर रक्तचाप जांचते वक्त नियमों का ध्यान नहीं रखते।
इस दौरान जेपी नड्डा ने बताया कि स्किल सेंटर नए डॉक्टरों को प्रोसिजर सिखाने में खासा मददगार होगा। कॉलेजों में इस तरह की व्यावहारिक ट्रेनिंग लगातार कम होती जा रही है। यह एमबीबीएस के उन छात्रों के लिए काफी मददगार होगा, जिन्हें नई नियुक्ति के दौरान जीवन रक्षक प्रोसिजर करने पड़ते हैं। यहां स्टीमुलेशन के जरिए छात्रों को बेहतर ट्रेनिंग मिलेगी। विषय के वीडियो माड्यूल से एम्स के अलावा दूरदराज के इलाकों में भी छात्रों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत दक्ष स्किल लैब और दक्षता कार्यक्रम के माध्यम से इन सेंटरों को बना रही है। आने वाले दिनों में यह ई-लर्निंग अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रम का अहम हिस्सा होगा, जिसे बाद में अन्य एम्स में भी लागू किया जाएगा।