फुटबॉल और क्रिकेट खेल रहे दो पक्षों के बीच विवाद में युवक को पीटा
नई दिल्ली। सत्यवती कॉलेज में स्नातक में पढ़ने वाले एक छात्र के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र की पहचान आदित्य के रूप में हुई है। आरोप है कि फुटबॉल खेलने के दौरान बॉल उनकी तरफ चले जाने से कुछ छात्रों ने उसकी बेल्ट से पिटाई कर दी। पीड़ित ने लक्की माबी, तुषार ढेढा, शिवा बढ़ाना, वरुण लोहिया सहित अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल करवाने के बाद मारपीट और धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक मूलत: झुंझुनू राजस्थान निवासी आदित्य रोहिणी सेक्टर-15 में दोस्त आशीष के साथ रहता है। भारत नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी में आदित्य ने बताया कि वह सत्यवती कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। दोस्तों के साथ 4 फरवरी को कॉलेज के मैदान में फुटबॉल खेल रहा था। इसी मैदान में कुछ लड़के क्रिकेट खेल रहे थे। खेलने के दौरान फुटबॉल क्रिकेट खेल रहे लड़कों की तरफ चली गई। बॉल लाने के दौरान क्रिकेट खेल रहे लोगों ने धमकी दी और आगे से बॉल आने पर पिटाई करने की धमकी दी। आदित्य ने बताया कि वह सभी दूर जाकर खेलने लगे लेकिन एक लड़के के कीक मारने पर फुटबॉल दोबारा क्रिकेट खेलने वालों के पास चली गई। वहां बॉल लाने के लिए जाने पर कुछ लड़कों ने उसकी बेल्ट से पिटाई कर दी। वारदात को अंजाम देकर सभी वहां से चले गए। ब्यूरो