सोहना रोड पर गिरा निर्माणाधीन फ्लाईओवर का हिस्सा
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से सोहना रोड पर बनाए जा रहे पुल का एक हिस्सा शनिवार देर रात गिर गया। इसके गिरते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज आई और आसपास की सोसाइटी में रहने वाले लोग स्तब्ध रह गए। इसकी चपेट में आकर दो लोग घायल हुए हैं। इस साल मार्च में पटौदी के पास पहाड़ी गांव के फ्लाईओवर का एक हिस्सा भी उद्घाटन के पांच महीने के भीतर गिर गया था।
अधिकारियों के मुताबिक देर रात 6 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का एक हिस्सा गिर गया। इसका निर्माण 2018 में शुरू हुआ था जो बादशाहपुर एलिवेटेड हाईवे का एक हिस्सा है। इसकी अनुमानित लागत 1385 करोड़ रुपये है। इस फ्लाईओवर से दस मीटर दूर सड़क पर गाड़ियां चल रही थीं। जहां पुल का हिस्सा गिरा, वहां बैरिकेड किए गए थे।
पुल पर सिग्मेंट बांधने वाली मशीन उससे अगले पिलर पर थी। विपुल ग्रीन्स निवासी हरिहरन ने बताया कि रात करीब सवा 10 बजे वे अपने परिवार के साथ बैठे थे। अचानक धमाके के बाद ऐसा महसूस हुआ, जैसे जोरदार भूकंप आया हो। बालकनी से बाहर देखा तो सोहना रोड पर काफी शोर था।
घटना के बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया, लेकिन काफी देर तक कोई रेस्पांस नहीं मिला। करीब साढ़े 10 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। एनएचएआई के परियोजना निदेशक अशोक शर्मा ने बताया कि पुल गिरने की सूचना मिली।
21.66 किलोमीटर लंबे सोहना रोड प्रोजेक्ट को दो हिस्सों में बनाया जाना है। पहले हिस्से में सुभाष चौक से बादशाहपुर तक अंडरपास और एलिवेटेड रोड का निर्माण हो रहा है। 6 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का एक हिस्सा ही शनिवार रात को गिर गया।
दूसरे हिस्से में बादशाहपुर से सोहना तक 12.72 किलोमीटर लंबी सड़क बननी है। इस परियोजना की समयसीमा जुलाई 2021 है। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि एलिवेटेड रोड कॉरिडोर का एक हिस्सा गिर गया। मौके पर एनएचआई की टीम और एसडीएम पहुंच गए थे।