अनलॉक 3 की शनिवार से शुरू हो रही प्रक्रिया में आरडब्लूए पदाधिकारियों ने भी अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कड़ी में ओपन जिम को लेकर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों द्वारा अधिक सतर्कता बरती जाएगी। जिसके तहत कुछ जगह ओपन पार्क जिम खुलेंगे तो कुछ जगह बंद भी रहेंगे।
मंदिर मार्ग स्थित सेक्टर डी टाइप तीन आरडब्लूए के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि जो भी केंद्र की गाइडलाइंस होगी उनका पालन किया जाएगा हालांकि, अभी आरडब्लूए आर्थिक तंगी से जूझ रही है। इस वजह से हमें ओपन जिम को सुचारू रूप से चलाने के लिए सैनिटाइजेशन करने के साथ अन्य आवश्यकता होगी। जिसके लिए हमें संसाधनों की कमी है।
यही वजह है कि अभी कुछ समय के लिए ओपन जिम को खुलने में देरी होगी। वहीं, पूर्वी दिल्ली आरडब्लूए ज्वाइंट एक्शन के अध्यक्ष बीएस वोहरा ने बताया कि हम लगातार निगम पार्षदों से अनुरोध कर रहे हैं कि वह ओपन जिम पार्कों में सैनिटाइजेशन मशीन की भी व्यवस्था करें।
इसके साथ ही लोगों के पास भी सैनिटाइजर की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा पार्षदों से अनुरोध है कि प्रत्येक घंटे में ओपन जिम को भी सैनिटाइज किया जा सके। वहीं, यूनाइटेड रेजिडेंट ज्वाइंट एक्शन (ऊर्जा) आरडब्ल्यूए फेडरेशन के अध्यक्ष अतुल गोयल ने कहा कि जो आरडब्लूए सक्षम हैं और यदि संभावना है तो वह अपने अंतर्गत आने वाले ओपन जिम पार्कों में संसाधनों की व्यवस्था करेगी वहीं, यदि कोई आरडब्लूए सक्षम नहीं है तो वह तीन प्रमुख बिंदुओं पर यथावत काम करेगी। जिसमें शारीरिक दूरी का पालन कराना, मास्क अनिवार्यता और प्रत्येक व्यक्ति पर सैनिटाइजर की सुनिश्चितता रहेगी।