नोएडा के सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार से गर्भवती को पौष्टिक आहार मिलेगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने डाइट चार्ट को मंजूरी के लिए स्वास्थ्य विभाग को भेज दिया है।
सीएमएस डॉ. आरएनपी मिश्र ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन में जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत जच्चा और बच्चे की सेहत का खास ख्याल रखना है।
अस्पताल में भर्ती होने वाली गर्भवती को डिस्चार्ज होने तक प्रोटीन, विटामिन्स, फाइबर और कैल्सियम युक्त पौष्टिक आहार देना है। इसमें सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना, शाम को स्नैक्स और रात का खाना शामिल है।
डायटीशियन के डाइट चार्ट को मंजूरी के लिए सीएमओ डॉ. आरके गर्ग के पास भेजा गया है। इस चार्ट में प्रत्येक दिन अलग-अलग नाश्ता, स्नैक्स और खाना शामिल किया गया है।
इसमें अंडे, दूध. ब्रेड, दही, फल, जूस आदि शामिल है। सीएमएस ने बताया कि हर महिला को प्रतिदिन सौ रुपये की डाइट दी जाएगी। अस्पताल में किचन की व्यवस्था होने तक एक एजेंसी को खाना उपलब्ध कराने का जिम्मा दिया जाएगा।
एनजीओ की ली जाएगी मदद
महंगाई के इस दौर में सौ रुपये में नाश्ते से लेकर रात के खाने तक की व्यवस्था मुश्किल है। इस सवाल के जवाब में सीएमएस का कहना है कि अस्पताल में दो अलग-अलग स्वयंसेवी संस्थाएं मरीजों को निशुल्क भोजन देती हैं। संभव है कि दोपहर के भोजन के लिए एनजीओ की मदद ली जाए, लेकिन शर्त यह होगी कि खाना पौष्टिक हो। इसकेअलावा नाश्ता, स्नैक्स और रात के खाने के लिए सौ रुपये कम नहीं हैं।