शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में रविवार देर रात हरिद्वार से कांवड़ ला रहे मामा-भांजे को यूपी रोडवेज की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में मामा-भांजे बुरी तरह जख्मी हो गए। गंभीर हालत में दोनों को नजदीकी जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गोलू (12) और उसके मामा रोहित (22) की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मौके से ही शामली, यूपी निवासी बस चालक सोमपाल (45) को गिरफ्तार कर लिया है। घटना स्थल पर जाम न लगे इसकी वजह से फौरन ही पीड़ितों की बाइक को हटाकर थाने भेज दिया गया। पुलिस मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज से हादसे की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, रोहित अपने परिवार के साथ दिल्ली कैंट इलाके में रहता है। इसके परिवार में पिता बबलू लाल व अन्य सदस्य हैं। रोहित प्राइवेट नौकरी करता है। वहीं गोलू परिवार के साथ नांगल राया में रहता है। इसके परिवार में पिता त्रिलोक व अन्य सदस्य हैं। गोलू रोहित की बहन का बेटा है। शनिवार को रोहित अपनी बाइक से गोलू को साथ लेकर कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। रविवार देर रात को दोनों बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इस बीच देर रात करीब 12.15 बजे दोनों मानसरोवर पार्क फ्लाईओवर जीटी रोड पर पहुंचे। दोनों रोड पर लगी पिकेट के पास ही पहुंचे थे कि अचानक पीछे से आई बेलगाम यूपी रोडवेज की बस ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरे। चालक ने बस रोकी और वह भी मदद को भागा।
बाद में नजदीक मौजूद एंबुलेंस की मदद से रोहित व गोलू को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है। दोनों ही बयान देने की हालत में नहीं थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।