कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी से उसके चाचा और पड़ोसी युवक ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपियों ने किशोरी को जलाकर मारने की भी कोशिश की। एक बुजुर्ग ने पीड़िता को जली अवस्था में देखकर उसके परिजनों और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने पीड़िता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि मंगलवार देर रात वह शौच के लिए जंगल जा रही थी। इसी दौरान उसके चाचा और पड़ोसी युवक ने मिलकर उसे अगवा कर लिया। दोनों बाइक पर बैठाकर एक सुनसान स्थान पर ले गए। उसके साथ गैंगरेप किया। घटना के खुलासे के डर से आरोपियों ने किशोरी के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाने की भी कोशिश की। घटना के बाद दोनों आरोपी पीड़िता को घटनास्थल छोड़कर भाग गए।
सुबह के समय गांव के ही एक बुजुर्ग ने किशोरी को अर्धनग्न अवस्था में देखकर पहले तो कपड़े दिए, उसके बाद पीड़िता के परिजनों और पुलिस को सूचित किया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश गौड़ ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़िता की शिकायत पर आरोपी उसके चाचा और पड़ोसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी चाचा को हिरासत में ले लिया है। साथ ही दूसरे आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।