सफदरजंग अस्पताल में रविवार को जन्मा नवजात आखिरकार सोमवार शाम जिंदगी की जंग हार गया। चिकित्सकों की ओर से दो बार मृत मान लेने के बावजूद जीने की जिद्द ने उसे तीस घंटे तक जिंदा रखा, पर जिंदगी शायद उसके नसीब में नहीं थी।
सफदरजंग अस्पताल के चिकित्सकों ने इस नवजात को मृत बताकर एक थैली में डालकर परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया था, लेकिन दफनाने से पहले रोने की आवाज सुनकर उसके जिंदा होने का पता चला और इसके बाद उसे वापस अस्पताल की नर्सरी में भर्ती किया गया था।
उपचार के दौरान सोमवार को एक बार फिर इस नवजात ने डॉक्टरों को हैरान कर दिया। दोपहर तीन बजे उसे मृत मान लिया गया था, लेकिन बाद में उसकी सांस चलती मिली। उधर इस मामले में अस्पताल-प्रशासन की ओर से बनाई गई जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक और नर्सेज को कारण बताओ नोटिस देने की तैयारी की जा रही है।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.ए.के.रॉय ने बताया कि बच्चे को करीब 4.15 बजे पर सभी चिकित्सीय जांच-पड़ताल के बाद मृत घोषित कर दिया गया। इससे पहले दोपहर तीन बजे भी नवजात को मृत घोषित कर दिया गया था लेकिन दुबारा से जब उसका ईसीजी किया गया तो देखा गया कि उस कुछ धड़कन शेष है।
इसके बाद चिकित्सकों ने नवजात को बचाने की कोशिश की लेकिन तमाम कोशिशें नाकाम हो गई। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए बनाई गई कमेटी ने रिपोर्ट दे दी है। रिपोर्ट के बाद निर्णय लिया गया है कि इस मामले में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक और नर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।