कनॉट प्लेस थाना पुलिस शुरुआत में इसे स्वाभाविक मौत मान रही थी और वृद्धा के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों का सौंप दिया था। नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार महला ने बताया कि अब महिला के शव के पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आई है। महिला के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पॉल लाइने ग्रोथर (85 वर्ष) मूल रूप से इंग्लैंड की रहने वाली थीं। उन्होंने भारतीय से शादी की थी और दिल्ली में रहने लग गई थीं। वह 7, जंतर-मंतर स्थित जेडीयू कार्यालय के पीछे स्टाफ क्वाटर में बेटे व बहू के साथ रहती थीं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 30 जुलाई के दिन उनके बेड से गिरने की सूचना मिली थी। अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने स्वभाविक मौत की कार्रवाई करते हुए उनके शव का पोस्टमार्टम कराकर अगले दिन परिजनों को सौंप दिया था।
जिला पुलिस उपायुक्त महला ने बताया कि अब उनके शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई है। डॉक्टरों ने रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा है। ऐसे में कनॉट प्लेस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच पर एसीपी कनॉट प्लेस विवेक भगत खुद नजर रखे हुए हैं।