कुंठा के कारण रोहित की पत्नी ने ही उसकी हत्या की थी। यह दावा रोहित शेखर हत्या मामले में उसकी मां ने कोर्ट में बयान दर्ज करवाते हुए कही। रोहित की मां ने अपने बयान में कहा कि जब अपूर्वा शुक्ला अपनी योजना में कामयाब नहीं हो पाई तो उसने रोहित की हत्या कर दी। उत्तराखंड व यूपी के पूर्व सीएम एनडी तिवारी के बेटे रोहित शेखर तिवारी की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी अपूर्वा पर मुकदमा चल रहा है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 26 फरवरी की तारीख तय की है।
साकेत जिला अदालत के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश संदीप यादव के समक्ष रोहित की मां उज्ज्वला तिवारी ने अभियोजन के गवाह के रूप में शनिवार को अपना बयान दर्ज करवाया। उज्ज्वला ने अपने बयान में कहा कि अपूर्वा ने रोहित से शादी केवल इसलिए की थी क्योंकि वह एनडी तिवारी का बेटा था और शादी के बाद उसे इंदौर से चुनाव लड़ने का टिकट मिल सकता था। रोहित व अपूर्वा के बीच शादी के कुछ दिन बाद ही खींचतान शुरू हो गई थी और वह छोटी-छोटी बातों पर उससे लड़ती थी।
कोर्ट के समक्ष उज्ज्वला ने अपने बयान में यह भी कहा कि अपूर्वा नहीं चाहती थी कि रोहित उन्हें अपने साथ रखे। वह चाहती थी कि रोहित उसे दिल्ली में अलग बंगला खरीद कर दे जहां वह अपने पिता का इलाज करवा सके। जब उसकी यह योजना कामयाब नहीं हुई तो कुंठा में उसने रोहित की हत्या कर दी। इसीलिए अपूर्वा ने रोहित के शव का पोस्ट मोर्टम रुकवाने की कोशिश करते हुए कहा था कि इसकी क्या जरूरत है। अगर पोस्टमोर्टम होगा तो शव को पवित्र जल से कैसा नहलाया जाएगा?
अदालत ने कुछ समय पहले अपूर्वा के मानसिक अवसाद व अनिद्रा का उपचार जेल डिस्पेंसरी व डीडीयू अस्पताल के अलावा किसी दूसरे अच्छे अस्पताल में करवाने का निर्देश तिहाड़ जेल प्रशासन को दिया था। तिहाड़ जेल ने अपने जवाब में कहा था कि अपूर्वा अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाती, उसे अनिद्रा व बुरे सपने आने की समस्या है और इसका उपचार जेल में मनो चिकित्सक से जेल में करवाया जा रहा है। पुलिस ने रोहित की हत्या के आरोप में अपूर्वा को 26 अप्रैल 2019 को गिरफ्तार किया था। रोहित की 15 व 16 अप्रैल की रात मुंह दबाकर हत्या कर दी गई थी।