फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UER Inauguration: पीएम मोदी ने कहा- दिल्ली को विकास का मॉडल और विकसित होते भारत की राजधानी बनाने का संकल्प

Mon, 18 Aug 2025 05:47 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली

सार

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दिल्ली का विकास का मॉडल बनाने का संकल्प लिया गया है। जब दुनिया भारत को देखती है तो उसकी पहली नजर दिल्ली पर पड़ती है इसलिए राजधानी को ऐसा मॉडल बनाना है जहां हर कोई महसूस कर सके कि यह विकसित होते भारत की राजधानी है।
विज्ञापन
अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 का निरीक्षण करते पीएम मोदी, नितिन गडकरी और सीएम रेखा गुप्ता और नायब सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को रोहिणी में अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2) का उद्घाटन करते हुए दिल्ली-एनसीआर को विकास का नया इंजन बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली का विकास का मॉडल बनाने का संकल्प लिया गया है। जब दुनिया भारत को देखती है तो उसकी पहली नजर दिल्ली पर पड़ती है इसलिए राजधानी को ऐसा मॉडल बनाना है जहां हर कोई महसूस कर सके कि यह विकसित होते भारत की राजधानी है।

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने दिल्ली-एनसीआर को बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक ढांचा और स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में निरंतर काम किया है। द्वारका एक्सप्रेसवे, पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और अब यूईआर-2 जैसे प्रोजेक्ट दिल्ली को नई दिशा दे रहे हैं। मेट्रो नेटवर्क और नमो भारत रैपिड रेल ने एनसीआर की यात्रा को पहले से कहीं आसान बना दिया है। यह अभूतपूर्व बदलाव भाजपा सरकार की गुड गवर्नेंस की पहचान है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक दिल्ली में भाजपा सत्ता से दूर रही और पिछली सरकारों की लापरवाही ने दिल्ली को गहरे गड्ढे में धकेल दिया। नई सरकार को पहले उस गड्ढे को भरने में ताकत लगानी पड़ रही है। उसके बाद ही विकास के ठोस परिणाम नजर आएंगे लेकिन पूरा भरोसा है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली की भाजपा सरकार मेहनत करके दिल्ली को दशकों पुरानी समस्याओं से बाहर निकालकर रहेगी। 
विज्ञापन

आज दिल्ली, हरियाणा, यूपी और राजस्थान चारों तरफ भाजपा की सरकारें हैं। यह पूरे क्षेत्र का आशीर्वाद है और हम सब मिलकर दिल्ली-एनसीआर के कायाकल्प का संकल्प लेकर चल रहे हैं।

दिल्ली-हरियाणा को लड़ाने की साजिश रची गई
मोदी ने विरोधी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल जनता के विश्वास को पचा नहीं पा रहे हैं और नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। कुछ माह पहले दिल्ली और हरियाणा के लोगों को आपस में लड़ाने की साजिशें रची गईं। यहां तक कहा गया कि हरियाणा के लोग दिल्ली के पानी में जहर मिला रहे हैं। यह राजनीति अब अतीत की बात हो चुकी है। दिल्ली और एनसीआर को अब ऐसे झूठ से मुक्ति मिल चुकी है।

यमुना की सफाई के लिए सीएम की तारीफ
यमुना की सफाई पर प्रधानमंत्री ने रेखा गुप्ता सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि बेहद कम समय में 16 लाख मीट्रिक टन गाद यमुना से हटाई गई है। यह प्रयास दिल्ली के पर्यावरण और जलस्रोत को बचाने की दिशा में बड़ा कदम है। मोदी ने यह भी बताया कि दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली में तेजी से बदलाव किया जा रहा है। अब तक 650 नई इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली में शुरू की गई हैं और आने वाले समय में यह संख्या दो हजार के आंकड़े को पार कर जाएगी। यह ग्रीन दिल्ली, क्लीन दिल्ली के मंत्र को मजबूती देने वाला कदम है।

दिल्ली की तस्वीर बदल रही है
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली की तस्वीर बदल रही है। भाजपा सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले समय में यहां का हर नागरिक गर्व से कह सके कि उसकी राजधानी विकसित भारत का असली प्रतिबिंब है। दिल्ली का कायाकल्प केवल विकास की परियोजनाओं से नहीं बल्कि बेहतर जीवन स्तर, स्वच्छता और हरित पहल से होगा। यही हमारी सरकार का संकल्प है और यही हम करके दिखाएंगे।

पीएम ने बक्करवाला से लेकर मुंडका तक रोड शो किया, उमड़ा जनसैलाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यूईआर-2 व द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने से पहले एयरपोर्ट के पास बनी करीब तीन किलोमीटर लंबी टनल का निरीक्षण किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने टनल की दीवारों की सुंदर चित्रकारी भी देखी। इस दौरान उन्होंने परियोजनाओं में काम करने वाले श्रमिकों से मुलाकात कर उनके अनुभव साझा किए। निरीक्षण के समय अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को टनल, यूईआर-2 और द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़े तकनीकी व संरचनात्मक पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पीएम मोदी ने परियोजनाओं के डिजाइन और उनके क्रियान्वयन के बारे मुआयना भी किया। प्रधानमंत्री ने नजफगढ़ इलाके सड़क पर पैदल चलकर स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद उद्घाटन समारोह में पहुंचने से पहले बक्करवाला से लेकर मुंडका तक रोड शो किया। इस दौरान सड़कों के दोनों ओर दिल्ली और हरियाणा से आए लोग मौजूद रहे। जनता ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री का अभिवादन किया तो उन्होंने भी गर्मजोशी से हाथ मिलाकर उनका स्वागत किया। कई जगहों पर लोग फूल बरसाते नजर आए। रोड शो में युवाओं और महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। स्थानीय निवासियों ने कहा कि इन परियोजनाओं से यातायात का दबाव कम होगा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इस तरह प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम से साफ संदेश गया कि  केंद्र सरकार राजधानी को विश्वस्तरीय परिवहन नेटवर्क से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम रेखा ने पीएम को दी शाॅल व सैनी ने पगड़ी पहनाई
यूईआर-2 के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने स्वागत किया। रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री को शॉल भेंट किया जबकि सैनी ने उन्हें पगड़ी पहनाई। प्रधानमंत्री ने करीब 30 मिनट तक लोगों को संबाेधित किया। कार्यक्रम में उपराज्यपाल वीके सक्सेना, केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा और अजय टम्मा, दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत, योगेंद्र चांदोलिया, बांसुरी स्वराज व प्रवीन खंडेलवाल मौजूद रहे। इसके अलावा दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, डॉ. पंकज सिंह, रविंद्र इंदराज, कपिल मिश्रा व मेयर राजा इकबाल सिंह भी मंच पर मौजूद रहे।

पिछली सरकारों ने राजनीति के कारण केंद्र की मदद को ठुकराया : रेखा गुप्ता
द्वारका एक्सप्रेसवे और यूईआर-2 के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में किए गए विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया।  उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा दिल्ली को विशेष महत्व दिया। राजधानी की गति बढ़ाने के लिए हरसंभव मदद दी लेकिन दुर्भाग्य से पिछली सरकारों ने संकीर्ण राजनीति के कारण केंद्र की मदद को ठुकराया और जनता को मिलने वाले लाभ से वंचित किया। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने दिल्ली का हाथ कभी नहीं छोड़ा और लगातार विकास की राह दिखाई।

उन्होंने कहा कि दिल्ली केवल शहर नहीं बल्कि भारत की दिल की धड़कन है। इसी सोच के साथ प्रधानमंत्री ने योजनाओं और परियोजनाओं की शृंखला दी जिसने दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा दी। आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं पिछली सरकार की हठधर्मिता के कारण यहां लागू नहीं हो पाईं। गरीबों के मकान और अस्पतालों के लिए दिए गए हजारों करोड़ रुपये तक खर्च नहीं किए गए। यह दिल्ली की जनता के साथ अन्याय था। 

केंद्र से मिले करोड़ों रुपये, पूर्व की आप सरकार ने इस्तेमाल नहीं किए
मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत योजना में हर साल 940 करोड़ रुपये, स्वच्छ भारत मिशन के तहत कूड़े के पहाड़ हटाने के लिए 1500 करोड़ रुपये, पीएम अभिम योजना में 2700 करोड़ रुपये, पीएम आवास योजना में 750 करोड़ रुपये आदि योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये केंद्र से मिले लेकिन उस समय सत्ता में बैठी आप सरकार ने इनका उपयोग नहीं किया। इसके उलट प्रधानमंत्री ने दिल्ली की रफ्तार को बढ़ाने का बीड़ा उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दस वर्षों में दिल्ली को मेट्रो के 400 किमी लंबे नेटवर्क, द्वारका एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी, आठ लेन टनल, भारत मंडपम और यशोभूमि जैसे विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर आदि सौगातें मिलीं। 

दिल्ली को मिला विकास  का तोहफा : वीरेंद्र सचदेवा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रधानमंत्री का दिल्ली की जनता को दो हाईस्पीड कॉरिडोर परियोजनाएं समर्पित करने के लिए आभार जताया है। उन्होंने कहा कि द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2) के लोकार्पण ने प्रधानमंत्री के हमेशा दिल्ली के विकास की चिंता करने की बात को साबित कर दिया है। इन परियोजनाओं का निर्माण केंद्र सरकार ने आप सरकार के समय शुरू किया था जो आज पूरी होकर जनता को समर्पित हुईं हैं। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का भी आभार जताया।

द्वारका एक्सप्रेसवे का दिल्ली खंड में करीब 3.6 किमी लंबी अत्याधुनिक टनल भी शामिल है जो यशोभूमि, डीएमआरसी की ब्लू व ऑरेंज लाइन, बिजवासन रेलवे स्टेशन व द्वारका क्लस्टर बस डिपो को मल्टीमोडल कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। वहीं, यूईआर-2 का अलीपुर से दिचाऊं कलां तक का हिस्सा लगभग 5,580 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। यह सड़क बहादुरगढ़ व सोनीपत को कनेक्टिविटी देने के साथ-साथ दिल्ली की इनर व आउटर रिंग रोड, मुकरबा चौक, धौला कुआं और एनएच-9 जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक कम करने में मददगार साबित होगी। पिछले 10 साल में विकास की परिभाषा से भटकी दिल्ली को अब भाजपा की डबल इंजन सरकार नई रफ्तार दे रही है।

यूईआर-2 कार्यक्रम को लेकर आप का भाजपा पर हमला
यूईआर-2 के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर आप ने भाजपा पर हमला बोला है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा करते हुए कहा कि रविवार सुबह सफाई कर्मचारियों को ड्यूटी के नाम पर बुलाकर कार्यक्रम में भेजा गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सफाई कर्मचारियों का अपमान कर रही है। जिनकी जिम्मेदारी शहर को साफ रखने की है उन्हें भीड़ बढ़ाने के लिए रैली में भेजा गया। आतिशी ने इसे सरकार और सत्ता का सीधा दुरुपयोग बताया और एमसीडी आयुक्त पर कार्रवाई की मांग की। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि शिक्षकों को कार्यक्रम में ताली बजाने के लिए बुलाया गया जो गंभीर अपमान है। आप सरकार ने शिक्षकों को विदेश में ट्रेनिंग दिलवाई थी जबकि भाजपा सरकार उनसे कार्यक्रम में तालियां बजवा रही है। 

वहीं, आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि मोदी की लोकप्रियता घट चुकी है इसलिए भीड़ जुटाने के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों को मजबूर किया जा रहा है। छह महीने में भाजपा सरकार ने दिल्ली का हाल इतना खराब कर दिया कि अब जनता उनके कार्यक्रमों में जाने को तैयार नहीं है।

पीएम के नेतृत्व में 48 हजार करोड़ की परियोजनाएं पूरी हुईं
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को रोहिणी में यूईआर-2 के उद्घाटन समारोह में कहा कि दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्या को खत्म करने के लिए मोदी सरकार ने अब तक 65 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की हैं जिनमें से 48 हजार करोड़ रुपये के काम पूरे हो चुके हैं। उन्होंने अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर 2) और द्वारका एक्सप्रेसवे जैसी अत्याधुनिक परियोजनाओं को दिल्ली की जाम समस्या के समाधान में मील का पत्थर बताया।

गडकरी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री ने मंत्रालय की पहली बैठक में ही देश को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा देने का लक्ष्य तय किया था। उस समय दिल्ली जाम और प्रदूषण से त्रस्त थी। सिंघू बॉर्डर से गुरुग्राम तक पहुंचना कठिन था। इन समस्याओं को दूर करने के लिए ईस्टर्न पेरिफेरल और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट पूरे किए गए जिनसे सफर का समय घंटों से घटकर कुछ मिनटों का हो गया।

अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 और द्वारका एक्सप्रेसवे लंबे समय से अटके हुए थे लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के आग्रह पर इन परियोजनाओं को एनएचएआई के तहत लेकर पूरा किया गया। 29 किलोमीटर की इस सड़क को डिजाइन करते समय भविष्य की 25 साल की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है। इसमें सुरंग, पुल और बहुस्तरीय सड़कें बनाई गई हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्ली की 50 प्रतिशत जाम की समस्या खत्म होगी।

दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-कटरा और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जुड़ेंगे
गडकरी ने कहा कि देश की लॉजिस्टिक लागत 14-16% है जिसे घटाकर 2026 तक एकल अंक में लाने का लक्ष्य है। अच्छे सड़क नेटवर्क की वजह से लागत पहले ही छह प्रतिशत घटी है। दिल्ली-एनसीआर में इंटरकनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए नए लिंक रोड भी तैयार किए जा रहे हैं जिससे दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-कटरा और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे जुड़ेंगे। मार्च 2026 तक डीएनडी-दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिसंबर 2026 तक नोएडा एयरपोर्ट से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट तक का ग्रीनफील्ड कॉरिडोर पूरा होगा। अक्तूबर 2025 तक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और दिसंबर 2026 तक दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे तैयार हो जाएगा। दिल्ली से मुंबई का सफर 12 घंटे और दिल्ली से देहरादून का सफर महज 2 घंटे का रह जाएगा। इन परियोजनाओं से दिल्ली को जाम  और प्रदूषण से राहत मिलेगी।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें