अवैध हथियार सप्लाई करने वाला कैब ड्राइवर गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उबर कैब से अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। कैब आरोपी की खुद की है। आरोपी अवैध हथियार उत्तम नगर, द्वारका, नजफगढ़ और पश्चिमी यूपी में सप्लाई करता था। आरोपी के कब्जे से दो कारतूस, तीन स्वचालित पिस्तौल और एक कट्टा बरामद किया गया है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला के अनुसार, इंस्पेक्टर पीसी खंडूरी की टीम को सूचना मिली थी कि अलीगढ़ निवासी राहुल सिंह उर्फ गुड्डू अवैध हथियारों की तस्करी करने में लगा हुआ है और वह यूपी से खेप लेकर सेक्टर-13, द्वारका में आएगा।
पुलिस टीम ने द्वारका में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी एक स्वचालित पिस्तौल को 20 से 25 हजार रुपये में लाता था और 50 से 60 हजार रुपये में बेचता था। कट्टे को 2500 से 3000 रुपये में लाता और 6 से 7 हजार रुपये में बेचता था।